पति को चारपाई में बांधकर दिए करंट के झटके..., फतेहपुर में पत्नी ने संजीव तिवारी को मार-मारकर किया अधमरा, खून से लथपथ मिला युवक

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पत्नी पर पति को चारपाई से बांधकर मारपीट और बिजली का करंट लगाने का आरोप है. पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है.

Fatehpur Husband Assault Case

Fatehpur Husband Assault Case

Google CTA

Fatehpur Husband Assault Case: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, औंग थाना क्षेत्र के परसदेवपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर रातभर बंधक बनाकर मारपीट करने और बिजली का करंट लगाने का आरोप लगाया है. घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया. पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

अस्पताल में कराया गया भर्ती

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि परसदेवपुर गांव में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां संजीव तिवारी चारपाई से बंधे हुए और खून से लथपथ मिले. पुलिस ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

बिजली का करंट भी लगाया

अस्पताल में उपचार के दौरान संजीव तिवारी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उनकी पत्नी ने उन्हें चारपाई से बांध दिया और पूरी रात मारपीट करती रही. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान बिजली के तार से करंट भी लगाया गया. घायल की हालत में सुधार होने के बाद उनके भाई ने आरोपी पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी. इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

एसपी बोले- शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना औंग क्षेत्र के परसदेवपुर गांव से सूचना मिली थी कि संजीव तिवारी के साथ उनकी पत्नी ने कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की और बिजली का करंट भी लगाया. उन्होंने कहा 'सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में स्थिति बेहतर होने के बाद उनके भाई की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.' पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.