सुहागरात मनाने नहीं पहुंचा पति, पंचायत में बोला- 'मैं नामर्द हूं?' फिर पत्नी ने खोला ऐसा राज मच गया बवाल

अजय झा

• 05:59 PM • 25 Sep 2026

झांसी के बबीना में शादी के बाद महिला से पति ने बनाए दूरी, पंचायत में पति ने खुद को बताया 'नामर्द'. पीड़िता ने नंदोई पर लगाया छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, पहुंची SSP ऑफिस.

Representative Image

Representative Image

Google CTA

झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में शादी के बाद एक महिला की जिंदगी में ऐसा मोड़ आया, जिसने उसके सामने वैवाहिक जीवन और भविष्य दोनों को लेकर संकट खड़ा कर दिया. महिला का आरोप है कि 11 मई 2025 को शादी के बाद जब वह पहली बार ससुराल पहुंची तो उसी रात उसका पति घर से चला गया और फिर पति-पत्नी के बीच वैवाहिक संबंध स्थापित नहीं हुए. काफी समय तक इंतजार और परिवारों के बीच बातचीत के बावजूद स्थिति नहीं बदली. दावा है कि बाद में गांव में हुई पंचायत में पति ने खुद को 'नामर्द' बताया. महिला का आरोप है कि इसी बीच उसके नंदोई सोनू ने उस पर अनुचित संबंध बनाने का दबाव बनाया और विरोध करने पर धमकी दी. महिला के मुताबिक, उसके साथ मारपीट भी की गई. परेशान होकर वह अपनी मां के साथ पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची और पति से अलग होने के साथ शादी में मिले जेवर व अन्य सामान वापस दिलाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 11 मई 2025 को बबीना क्षेत्र में हुई थी. शादी के बाद जब वह विदा होकर ससुराल पहुंची तो उसके आरोप के अनुसार पहली ही रात पति कमरे में नहीं आया और छत पर चला गया. महिला का कहना है कि वह कुछ दिन ससुराल में रही, लेकिन पति का व्यवहार सामान्य नहीं हुआ. इसके बाद वह मायके लौट आई.

महिला का दावा है कि शादी के बाद से ही उसके और पति के बीच सामान्य दांपत्य संबंध नहीं बन सके. परिवार की ओर से बातचीत और समझाने की कोशिशों के बावजूद मामला सुलझ नहीं पाया.

पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसका नंदोई सोनू उसे दोबारा ससुराल लेकर गया. महिला के मुताबिक, इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर बदतमीजी की गई और उसका हाथ पकड़ा गया. आरोप है कि नंदोई ने उससे अनुचित संबंध बनाने की बात कही.

पीड़िता का कहना है कि उसने इस संबंध में सास-ससुर और पति को जानकारी दी, लेकिन उसकी बात पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही डांटने और धमकाने का आरोप है. महिला के मुताबिक, डर और सामाजिक दबाव के कारण उसने काफी समय तक इस मामले की पूरी जानकारी अपने मायके वालों को भी नहीं दी.

पंचायत में पति ने खुद को मर्द नहीं बताया: पीड़िता का दावा

महिला की मां के अनुसार, करीब दस दिन पहले गांव के लकड़ादेव मंदिर में पंचायत बुलाई गई थी. वहां परिवार और गांव के लोगों के सामने वैवाहिक विवाद पर बातचीत हुई. पीड़िता और उसकी मां का दावा है कि पंचायत के दौरान पति ने अपनी शारीरिक स्थिति को लेकर ऐसी बात कही, जिससे महिला के साथ दांपत्य जीवन आगे चलने की संभावना पर सवाल खड़े हो गए.

पीड़िता का कहना है कि पति ने पंचायत में खुद को 'मर्द नहीं' बताया. मां ने यह भी दावा किया कि पति की ओर से इस संबंध में एक रिपोर्ट दिखाए जाने की बात सामने आई थी. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस या किसी चिकित्सकीय दस्तावेज से अभी नहीं हुई है.

नंदोई पर मारपीट और धमकी का भी आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पंचायत और परिवार के बीच विवाद के बावजूद नंदोई की कथित हरकतें बंद नहीं हुईं. महिला का दावा है कि एक दिन घर आकर उसके साथ मारपीट की गई और विरोध करने पर धमकी दी गई.

पीड़िता की मां ने भी आरोप लगाया कि बेटी के मामले को लेकर विवाद बढ़ने पर नंदोई ने उन्हें धमकाया. मां का दावा है कि सब्जी की दुकान पर उनके साथ भी मारपीट की गई. उनका कहना है कि घटना के बाद उन्होंने बबीना थाने में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुनवाई नहीं मिली.

एसएसपी कार्यालय पहुंची मां-बेटी, जेवर और सामान वापस कराने की मांग

मामला बढ़ने के बाद पीड़िता पहले बबीना थाने पहुंची और अब अपनी मां के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है. महिला ने पति से अलग होने और ससुराल पक्ष के पास मौजूद अपने जेवर, शादी में दिया गया सामान तथा अन्य सामान वापस दिलाने की मांग की है.

पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से इस रिश्ते को लेकर परेशान है और अब वह इस वैवाहिक संबंध से बाहर निकलकर अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करना चाहती है. उसके परिवार की भी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पति और नंदोई की ओर से इन आरोपों पर उनका पक्ष सामने नहीं आया है.

ये भी पढे़ं: झांसी में सरकारी टीचर रवि यादव ने पुलिस की ही गाड़ी से कर लिया व्यापारी विकास गुप्ता को किडनैप!