लड़की दिखाने के बहाने साले को लेकर गया जीजा, पहले की हत्या फिर गांव लौटा तो खुद भी मारा गया; फतेहपुर का ये मामला चौंका देगा!

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक दामाद ने पहले अपने 55 साल बड़े साले राजू की हत्या कर उसका शव नहर में फेंक दिया और फिर रात में अपने ससुराल पहुंचकर सो रहे परिवार पर तलवार से हमला कर दिया.

Fatehpur Crime News

Fatehpur Crime News

Google CTA

Fatehpur Crime News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक दामाद ने पहले अपने 55 साल बड़े साले राजू की हत्या कर उसका शव नहर में फेंक दिया और फिर रात में अपने ससुराल पहुंचकर सो रहे परिवार पर तलवार से हमला कर दिया. हमले में राजू के तीन बेटों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी पवन कुमार को पकड़ लिया. इसके बाद हुई पिटाई में पवन की मौत हो गई. पुलिस ने अब राजू का शव भी नहर से बरामद कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

राजू को साथ क्यों ले गया था पवन?

जानकारी के अनुसार यह मामला फतेहपुर में ओंग थाना क्षेत्र के आशापुर गांव में रहने वाले पवन कुमार से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 5 बजे पवन अपने ससुराल बीकमपुर पहुंचा था. वहां से वह अपने बड़े साले राजू को उसके बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया. कुछ घंटे बाद पवन अकेला वापस लौट आया. राजू के बेटों ने जब अपने पिता के बारे में पूछा तो पवन ने कोई साफ जानकारी नहीं दी. उसने परिवार से कहा कि राजू गांव में ही हैं और सुबह सभी लोग लड़की देखने जाएंगे.
 

खाना खाकर उठाई तलवार

पवन ने इसके बाद ससुराल में परिवार के साथ खाना खाया और चारपाई पर सो गया. रात करीब दो बजे उसने अचानक तलवार उठाई और सो रहे राजू के तीन बेटों पर हमला कर दिया. इस हमले में 20 साल के गोरे, 23 साल का प्रदीप और 25 साल के खाटू उर्फ राजकरन गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई. किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले पवन ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया.

धारदार हथियार से किया हमला

घायलों की चीख और हमले की आवाज सुनकर राजू का छोटा भाई राजेश और उसकी पत्नी बुद्धा भी बाहर आ गए. आरोप है कि पवन ने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस तरह तलवार के हमले में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. इसके बाद ग्रामीणों ने पवन को घेरकर पकड़ लिया.

पिटाई के दौरान पवन की मौत

आरोपी के पकड़े जाने के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. मारपीट के दौरान पवन की मौत हो गई. जिस ससुराल में वह परिवार पर जानलेवा हमला करने पहुंचा था, वहीं उसकी जान चली गई. तलवार के हमले में घायल सभी पांच लोगों की हालत गंभीर बताई गई है. उन्हें इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है.

नहर में मिला लापता राजू का शव

दूसरी ओर पुलिस ने लापता चल रहे 55 साल के राजू का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर से बरामद कर लिया. पुलिस के मुताबिक पवन ने राजू की हत्या करने के बाद उसका शव नहर में फेंका था. शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत की वजह और चोटों की स्थिति की भी पुष्टि करेगी.

सीओ बिंदकी प्रियांक जैन ने बताया, 'लापता राजू का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुरादीपुर नहर में मिला है. शव के गले और हाथ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.' पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पवन ने अपने बड़े साले राजू की हत्या क्यों की और इसके बाद ससुराल में परिवार के लोगों पर हमला करने की वजह क्या थी.