Chandauli Welfare Scheme: पड़ाव क्षेत्र के सेमरा दलित बस्ती में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की धनराशि को लेकर विवाद सामने आया है. मामले में लाभार्थी सुमन देवी ने पूर्व पंचायत सहायक निशा भारती और उनके पिता पर योजना की राशि में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है, जबकि निशा भारती ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश करार दिया है.
ADVERTISEMENT
सुमन देवी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु करीब एक वर्ष पहले हो गई थी. इसके बाद उन्हें सरकारी योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया. उनका आरोप है कि 16 मई को योजना की धनराशि स्वीकृत हुई और 17 मई की सुबह उन्हें ग्राहक सेवा केंद्र ले जाकर खाते से राशि निकलवाई गई. उनके अनुसार ₹35,000 की स्वीकृत राशि में से उन्हें केवल ₹15,000 दिए गए, जबकि शेष राशि अपने पास रख ली गई.
वहीं, निशा भारती ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने न तो सुमन देवी का कोई फॉर्म भरवाया और न ही किसी प्रकार की धनराशि ली. उनका कहना है कि कुछ लोग उन्हें पंचायत सहायक के पद से हटाने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने ग्राम सचिव राजेश वर्मा और ग्राम प्रधान सुशीला देवी पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया. साथ ही, पासबुक और आधार कार्ड रखने संबंधी आरोपों का भी उन्होंने खंडन किया.
इस मामले में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलाब राम ने बताया कि शिकायत अधिकारियों को लिखित रूप से दी गई है. उन्होंने कहा कि निशा भारती वर्तमान में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत नहीं हैं तथा उनके विरुद्ध कार्य में सहयोग न करने सहित अन्य शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि मामले में प्रक्रिया जारी है और अभी तक किसी नए पंचायत सहायक की नियुक्ति नहीं हुई है.
फिलहाल पूरे मामले की जांच संबंधित अधिकारियों के स्तर पर की जा रही है. जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT











