Chandauli News: मौसम बदलते ही बढ़ी मौसमी बीमारियां, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर डॉक्टर ने दी सावधानी की सलाह

Newzo

• 03:11 PM • 03 Aug 2026

Chandauli Health News: चंदौली के मुगलसराय स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में मौसम बदलने के साथ वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और चर्म रोग के मरीज बढ़ने लगे हैं. डॉक्टरों ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को बारिश में सावधानी बरतने, स्वच्छता बनाए रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की.

 मौसम बदलते ही बढ़ी मौसमी बीमारियां, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर डॉक्टर ने दी सावधानी की सलाह

मौसम बदलते ही बढ़ी मौसमी बीमारियां, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर डॉक्टर ने दी सावधानी की सलाह

Google CTA

Chandauli Health News: मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के चलते क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है.  राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें छोटे बच्चों, बुजुर्गों और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है.

यह भी पढ़ें...

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने बताया कि बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और चर्म रोग के मरीजों की संख्या बढ़ रही है.  विशेष रूप से बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं. बारिश और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है.

डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों से बारिश में भीगने से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि बारिश और तापमान में अचानक बदलाव से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में गर्म स्थान से अचानक ठंडे वातावरण या ठंडे स्थान से गर्म वातावरण में जाने से बचना चाहिए.

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. बच्चों को बिना जरूरी काम के बारिश में बाहर न ले जाएं. यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो छाते या रेनकोट का इस्तेमाल करें. बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें.

चिकित्सा अधीक्षक ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि वायरल संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें. समय रहते सावधानी और बचाव से मौसमी बीमारियों से काफी हद तक सुरक्षित रहा जा सकता है.