Chandauli Property Dispute News: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी बृजेश कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी चंदौली को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान फातिमा बेगम पर उनकी निजी भूमि का गेट तोड़कर जबरन रास्ता बनाने का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई, क्षतिग्रस्त गेट दोबारा लगवाने और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी माता स्वर्गीय फूला देवी ने वर्ष 2008 में मौजा हमीदपुर स्थित आराजी संख्या 220 की लगभग 126.59 वर्गमीटर भूमि का विधिवत क्रय किया था. इस भूमि पर वर्षों से उनका वैध कब्जा है. उन्होंने अपनी जमीन की चारदीवारी कराकर मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) भी लगवाया था.
बृजेश कुमार मौर्य का आरोप है कि 27 सितंबर 2025 को ग्राम प्रधान फातिमा बेगम अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं और कथित रूप से उनके गेट को क्षतिग्रस्त कर उनकी निजी भूमि से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया. उनका कहना है कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास सुरक्षित है, जिसे वह जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे.
शिकायतकर्ता ने प्रार्थना पत्र में यह भी कहा है कि वह इस मामले को लेकर कई बार तहसील, समाधान दिवस, जिला प्रशासन और जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला. उनका आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस बुलाकर उन्हें थाने भेज दिया गया और उनकी अनुपस्थिति में गेट तोड़ दिया गया.उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, क्षतिग्रस्त गेट दोबारा लगवाने तथा कथित रूप से संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं. ग्राम प्रधान फातिमा बेगम का पक्ष अभी सामने नहीं आया है और प्रशासन की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
ADVERTISEMENT











