Chandauli News: गड्ढा खुला, जिम्मेदार खामोश, 8 फीट की खुदाई से बढ़ीं लोगों की परेशानियां

Newzo

• 01:26 PM • 23 Jul 2026

Chandauli Road Safety News: चंदौली के अलीनगर वार्ड-9 में नाली निर्माण के लिए खोदा गया करीब 8 फीट गहरा गड्ढा लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है. एक सप्ताह से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य आवागमन बाधित कर रहा है. स्थानीय लोगों ने जल्द गड्ढा भरवाकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है.

गड्ढा खुला, जिम्मेदार खामोश, 8 फीट की खुदाई से बढ़ीं लोगों की परेशानियां

गड्ढा खुला, जिम्मेदार खामोश, 8 फीट की खुदाई से बढ़ीं लोगों की परेशानियां

Google CTA

Chandauli News: अलीनगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 में नाली निर्माण कार्य के दौरान खोदा गया लगभग 8 फीट गहरा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. कई दिनों से गड्ढा खुला पड़े होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है. क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

स्थानीय निवासी सुनीता देवी ने बताया कि अधूरा निर्माण कार्य छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सबसे अधिक परेशानी का कारण बना हुआ है. बच्चों को स्कूल ले जाने और लाने में कठिनाई हो रही है, जबकि बुजुर्गों के लिए रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे गड्ढे में गिर चुके हैं और किसी बड़े हादसे का डर बना हुआ है. उन्होंने प्रशासन से गड्ढा भरवाकर सड़क को जल्द सामान्य करने की मांग की.

वहीं मनीष कुमार ने बताया कि करीब एक सप्ताह से गड्ढा खुला पड़ा है. उनके अनुसार हाल ही में दो-तीन बच्चे इसमें गिर गए थे, जिन्हें आसपास के लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया. उन्होंने कहा कि यदि कोई गंभीर हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में कीचड़ और जलभराव की समस्या भी बनी हुई है.

मनीष कुमार ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य के चलते उनकी दुकान पिछले करीब 15 दिनों से प्रभावित है, जिससे कारोबार पर असर पड़ा है. उनका आरोप है कि ठेकेदार लगातार काम पूरा करने का आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया.

स्थानीय निवासी अशोक कुमार निगम ने बताया कि गड्ढा खोदे जाने के बाद से महिलाओं को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है. वहीं दुकानों तक ग्राहकों की आवाजाही भी कम हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है.

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरवाया जाए और सड़क की मरम्मत कर आम लोगों को राहत दिलाई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके.