Chandauli Weather Forecast: गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन आसमान बादलों से ढका रहा बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई.
ADVERTISEMENT
सुबह से ही आसमान में काले और घने बादलों का डेरा रहा, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद थी. हालांकि दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई. उमस के कारण बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निकलने वाले लोग पसीने से तर-बतर नजर आए. गर्मी से बचने के लिए कई लोग छाता, गमछा और पानी की बोतल के साथ घरों से निकले.
उमस भरे मौसम का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया. दोपहर के समय बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही. लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द से जल्द घर लौटते दिखे. वहीं किसानों की निगाहें भी आसमान पर टिकी रहीं, क्योंकि बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है.
चिकित्सकों ने इस मौसम में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने और लंबे समय तक उमस या धूप में रहने से बचने की सलाह दी है. विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द बारिश होने से उमस और गर्मी से राहत मिलेगी. फिलहाल बादलों के बीच बारिश का इंतजार जारी है.
ADVERTISEMENT











