Chandauli News: चंदौली में 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद, लावारिस ट्रक से मिली 15 लाख की खेप

Newzo

• 05:02 PM • 23 Jul 2026

Chandauli Cough Syrup Seized: चंदौली के अलीनगर में पुलिस ने लावारिस ट्रक से 720 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है. मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाई गई करीब 15 लाख रुपये की खेप जब्त की गई. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू की है.

चंदौली में 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद, लावारिस ट्रक से मिली 15 लाख की खेप

चंदौली में 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद, लावारिस ट्रक से मिली 15 लाख की खेप

Google CTA

Chandauli News: जनपद में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरई अंडरपास के पास लावारिस हालत में खड़े एक ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है.  तस्करों ने इस खेप को मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके. बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित कोरई अंडरपास के पास एक संदिग्ध ट्रक (संख्या UP74Y4726) लावारिस हालत में खड़ा है.  सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरियों मुर्गी के दाने के पीछे छिपाकर रखी गईं 36 बोरियों से कुल 72 पेटियों में 7200 शीशियां (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुईं. इनमें FAIRDYL NEW और ASKOF ब्रांड की 3600-3600 शीशियां शामिल हैं.

मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने दवाओं की जांच कर पुष्टि की कि बरामद कफ सिरप अवैध श्रेणी में आता है. जांच के लिए दवाओं के नमूने जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं. पुलिस ने ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का जीपीएस डिवाइस और एक सिम कार्ड भी बरामद किया है, जिसके आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है.

जांच में ट्रक के स्वामी की पहचान राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी नासूपुर सजेती, पोस्ट मण्डई, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है. पुलिस वाहन स्वामी समेत इस अवैध खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की पड़ताल कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि खेप कहां से लाई गई थी और किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी.

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रक से 7200 शीशियां कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है. ड्रग इंस्पेक्टर ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि ट्रक फिरोजाबाद में पंजीकृत है और वाहन स्वामी सहित पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. साथ ही मुगलसराय थाना क्षेत्र में भी कुछ बोरियां मिलने की सूचना पर कार्रवाई की जा रही है.

इस मामले में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 0458/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 की धारा 18A, 28, 18C और 27B के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बरामदगी: 

72 पेटियां (7200 शीशी/720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप
ट्रक संख्या UP74Y4726
Fleetx जीपीएस डिवाइस व सिम कार्ड

कार्रवाई करने वाली टीम

प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य एवं कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह शामिल रहे. पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. अब जांच एजेंसियां इस अवैध खेप के पीछे सक्रिय संगठित तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं.