Chandauli News: जनपद में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 11 गोवंश से लदी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया. पुलिस की घेराबंदी से घबराकर तस्करों ने मौके से भागने का प्रयास किया और सैदपुर पुल से नीचे छलांग लगा दी. इस दौरान दो तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल ले जाते समय एक घायल तस्कर, जिसकी पहचान काजू निवासी जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई, ने रास्ते में दम तोड़ दिया. वहीं दूसरे घायल तस्कर का इलाज जारी है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया. गोवंश से लदी पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस ने थाने पहुंचाया. बरामद सभी 11 गोवंश को सुरक्षित कराया गया है. पुलिस ने गोवंश तस्करी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. घटना थाना क्षेत्र के सैदपुर पुल की बताई जा रही है.
सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया. घेराबंदी के दौरान तस्करों ने भागने की कोशिश में पुल से छलांग लगा दी, जिससे दो लोग घायल हो गए. मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
वहीं जिला अस्पताल के इमरजेंसी जेआर डॉ. प्रिंस सिंह ने बताया कि सीएचसी से दो घायलों को रेफर किया गया था. इनमें से एक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT











