Bijnor Big Crime: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक खौफनाक मामला सामने आया है. बिजनौर कोतवाली शहर के गांव बेगावाला में एक छोटे भाई ने मामूली विवाद के बाद सारी हदें पार कर दीं. आरोपी नदीम ने देर रात सोते समय अपने सगे बड़े भाई मोहम्मद सलीम के सीने में लोहे का भारी-भरकम सब्बल (लोहे की रॉड) घोंपकर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. सोते हुए भाई पर हुए इस हमले से घर के भीतर चीख-पुकार मच गई. जब तक परिवार वाले और ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक बड़े भाई की मौत हो चुकी थी. इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT
बच्चों के विवाद से शुरू हुई थी खूनी रंजिश
क्राइम सीन से मिली जानकारी के मुताबिक, बेगावाला निवासी मोहम्मद सलीम अपने परिवार और अपने छोटे भाई नदीम के साथ एक ही घर में रहते थे. दोनों भाइयों के मकान आपस में जुड़े हुए थे और उनका आंगन भी एक ही था. खौफनाक वारदात की पटकथा बुधवार सुबह ही लिख दी गई थी जब घर के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. बच्चों की इस लड़ाई ने जल्द ही बड़ा रूप ले लिया और दोनों भाइयों की पत्नियों के बीच जमकर कहासुनी और गाली-गलौज हुई.
नशेड़ी भाई नदीम ने की बड़े भाई की हत्या
ग्रामीणों के अनुसार, छोटा भाई नदीम खतरनाक नशा करने का आदी है. नशे की हालत में वह पहले भी कई बार अपने बड़े भाई सलीम और भाभी के साथ बदसलूकी और मारपीट कर चुका था. बुधवार की देर रात जब नदीम नशे में धुत होकर घर लौटा तो उसे दिन में अपनी पत्नी और भाभी के बीच हुए झगड़े की भनक लगी. पत्नी से हुए विवाद की बात सुनकर नदीम के सिर पर खून सवार हो गया. वह तैश में आकर सीधे उस कमरे की तरफ बढ़ा जहां उसका बड़ा भाई सलीम गहरी नींद में सो रहा था.
सोते हुए भाई के सीने को किया छलनी
रात के सन्नाटे में जब बड़ा भाई सलीम बेखबर सो रहा था तब नदीम हाथ में लोहे का नुकीला सब्बल लेकर उसके बिस्तर के पास पहुंचा. बिना कोई मौका दिए कातिल भाई ने लोहे का वो भारी सब्बल सीधे सलीम के सीने में उतार दिया. सीने के आर-पार हुए लोहे के वार से सलीम दर्द से बुरी तरह छटपटा उठा. घर में खून की नदियां बह गईं और चीख-पुकार सुनकर जब तक घरवाले कमरे की तरफ दौड़े, सलीम की सांसें उखड़ चुकी थीं. वारदात को अंजाम देकर हत्यारा भाई मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान सलीम को अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. सलीम की मौत के बाद उसके मासूम बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.
नदीम की तलाश कर रही पुलिस
इस हत्याकांड के बाद बिजनौर पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है. पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर फरार आरोपी नदीम के खिलाफ मर्डर की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
एसपी सिटी, डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि 'कोतवाली शहर के बेगावाला गांव में बच्चों के विवाद के बाद दो भाइयों के परिवारों में झगड़ा हुआ था. रात में छोटे भाई नदीम ने सोते समय अपने सगे बड़े भाई सलीम पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई है. पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. कातिल को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.'
ADVERTISEMENT










