Ajay Rai Detained News: गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत लगातार गरमा रही है. मृतक के परिवार से मिलने गोंडा जा रहे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बाराबंकी में पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल गोंडा जा रहा था. मसौली टोल प्लाजा के पास पुलिस ने अजय राय समेत कई नेताओं को रोक दिया और उन्हें थाने ले जाया गया. उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, आसिम वकार और नरेंद्र सिंह को भी हिरासत में लिया गया. कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को भी आगे जाने से रोका गया.
ADVERTISEMENT
टोल प्लाजा पर रोका गया कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल का मकसद सिर्फ विनोद साहनी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शोक संवेदना देना था. लेकिन गोंडा जाते समय बाराबंकी के मसौली टोल प्लाजा पर पुलिस ने काफिले को रोक दिया. अजय राय और अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर थाने पर बैठाया गया. कांग्रेस कार्यकर्ता गोंडा जाने की मांग पर अड़े रहे. पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी. इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. पार्टी ने इसे सरकार की ओर से विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया.
अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना
थाने में हिरासत के दौरान अजय राय ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, 'मैं बाराबंकी आया नहीं था, बल्कि बाराबंकी होते हुए गोंडा जा रहा था.' उन्होंने विनोद साहनी की हत्या को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी हत्या 'भाजपा के गुंडों द्वारा की गई है.' अजय राय ने कहा कि विनोद, समाज की आवाज मजबूती से उठाते थे और उनकी हत्या कर दी गई. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल परिवार के घर शोक संवेदना जताने जा रहा था तो उसे रास्ते में ही रोककर थाने में क्यों बैठाया गया.
बोले- शोक संवेदना देने से भी रोक रही सरकार
अजय राय ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, 'ये लोकतंत्र में पहली बार हो रहा है कि किसी को शोक संवेदना प्रकट करने से भी रोका जा रहा है.' उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा था. अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को परिवार तक पहुंचने से रोक रही है. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के गोंडा जाने की जिद के बावजूद पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर आगे नहीं जाने दिया.
संजय निषाद पर भी अजय राय का बड़ा हमला
अजय राय ने यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, 'अगर संजय निषाद में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देना चाहिए.' अजय राय ने कहा कि केवल धरने का नाटक करने से काम नहीं चलेगा और संजय निषाद को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर कब चलेगा. उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी. साथ ही कहा कि अगर वास्तव में न्याय दिलाना है तो संजय निषाद को इस्तीफा देकर कांग्रेस के साथ आना चाहिए.
विनोद साहनी हत्याकांड ने बढ़ाई सियासी गर्मी
अजय राय ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में 'जंगलराज और गुंडाराज' चल रहा है और सरकार आरोपियों को संरक्षण दे रही है. इससे पहले विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की सक्रियता बढ़ी है. मृतक के परिवार से मिलने जाने को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद मामला और गरमा गया है. फिलहाल पुलिस ने अजय राय समेत कांग्रेस नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गोंडा जाने से रोक दिया है.
ADVERTISEMENT











