Amethi News: जिले के बाईपास स्थित रुद्र नगर कॉलोनी में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है. आरोप है कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के कॉलोनी को जाने वाले मुख्य सार्वजनिक रास्ते के बीचोबीच हाईटेंशन लाइन का विद्युत पोल गाड़ दिया. रास्ते के बीच पोल लगाए जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हादसे की आशंका भी बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह रास्ता कॉलोनी के सैकड़ों लोगों के आवागमन का मुख्य मार्ग है. ऐसे में बीच रास्ते में हाईटेंशन पोल लगाए जाने से लोगों में नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि पोल लगाने से पहले न तो उन्हें कोई सूचना दी गई और न ही आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई.
स्थानीय निवासी सुधीर श्रीवास्तव, अखिलेश सोनी समेत अन्य लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए पोल को तत्काल हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि सार्वजनिक रास्ते के बीच हाईटेंशन पोल लगाए जाने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पोल को जल्द से जल्द रास्ते से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए. साथ ही मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पोल नहीं हटाया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
वहीं, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है. आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.
ADVERTISEMENT











