Amethi News: अमेठी में हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक से होगी ट्रैफिक नियमों की निगरानी, ओवरस्पीडिंग पर तुरंत कटेगा ई-चालान

Newzo

• 12:56 PM • 29 Jul 2026

Amethi E Challan News: अमेठी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन अब महंगा पड़ेगा. पुलिस ने हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक को सड़क पर उतार दिया है, जो ओवरस्पीडिंग समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर तुरंत ई-चालान जारी करेगी. आधुनिक तकनीक से सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दुर्घटनाएं कम करने की दिशा में यह अहम कदम माना जा रहा है.

अमेठी में हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक से होगी ट्रैफिक नियमों की निगरानी, ओवरस्पीडिंग पर तुरंत कटेगा ई-चालान

अमेठी में हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक से होगी ट्रैफिक नियमों की निगरानी, ओवरस्पीडिंग पर तुरंत कटेगा ई-चालान

Google CTA

Amethi News: जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अमेठी पुलिस ने हाईटेक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों का संचालन शुरू कर दिया है.  बुधवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें यातायात पुलिस को सौंपीं. इनका इस्तेमाल ओवरस्पीडिंग समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के लिए किया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के मुताबिक, इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस हैं. स्पीड लेजर गन की मदद से वाहनों की रफ्तार को सटीक तरीके से मापा जाएगा. निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार मिलने पर वाहन की पहचान कर तत्काल ई-चालान जारी किया जा सकेगा. वहीं, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों के जरिए वाहनों की नंबर प्लेट को स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड किया जाएगा, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर तेजी से कार्रवाई की जा सके.

इंटरसेप्टर बाइक के जरिए केवल ओवरस्पीडिंग ही नहीं, बल्कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी निगरानी रखी जाएगी. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार ई-चालान जारी करने के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात के सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की.

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, यातायात प्रभारी शोभनाथ राम समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.