Amethi News: जिले में बुधवार को गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी. सुबह से ही तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी. वहीं, खेतों में काम कर रहे किसानों और दिहाड़ी मजदूरों को भीषण गर्मी के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
उमस का असर इतना अधिक रहा कि घरों में पंखे और कूलर भी लोगों को पूरी तरह राहत नहीं दे सके. गर्मी से परेशान लोग बार-बार पानी और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए. बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं पर भी गर्मी का असर अधिक देखने को मिला.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद उमस अधिक महसूस हो रही है. उन्होंने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी.
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT











