Amethi Digital Sanitation: डिजिटल इंडिया अभियान के तहत अमेठी में अब ग्रामीणों को शौचालय टैंक खाली कराने के लिए नई डिजिटल सुविधा मिलने जा रही है. जिला पंचायत राज विभाग ओला, उबर और डायल-112 की तर्ज पर शौचालय टैंक सफाई वाहनों का संचालन करेगा. इसके लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी वाहनों की निगरानी की जाएगी। लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर और मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति या संस्था घर बैठे वाहन बुक कर सकेगी.
ADVERTISEMENT
वर्तमान में शौचालय मल उठान का कार्य अलग-अलग तरीकों से होने के कारण व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पा रही है. इसे देखते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान और मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू के निर्देशन में जिले की सभी 682 ग्राम पंचायतों में यह डिजिटल सेवा शुरू की जा रही है.
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) मनोज त्यागी ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 17 शौचालय टैंक सफाई वाहनों का पंजीकरण किया जा चुका है. सभी वाहनों में डिजिटल ट्रैकिंग की व्यवस्था होगी और उनकी लोकेशन कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटर की जाएगी. जैसे ही कोई व्यक्ति टोल फ्री नंबर या मोबाइल एप के माध्यम से सेवा का अनुरोध करेगा, कंट्रोल रूम से उसकी लोकेशन के सबसे निकट मौजूद वाहन को भेज दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि शौचालय से निकले मल का वैज्ञानिक निस्तारण अमेठी ब्लॉक के बेनीपुर स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट सेंटर (एफएसटीसी) प्लांट में किया जाएगा. इससे स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
इस सेवा के लिए लाभार्थियों को विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा. अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल मॉनिटरिंग से सेवा अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी.
ADVERTISEMENT











