आगरा कोचिंग हव में बड़ा हादसा! शॉर्ट सर्किट के बाद गूंजा सेफ्टी साईरन... पुलिस ने लिया यह एक्शन

Agra Coaching Centre: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित भगवान टॉकीज इलाके में एक कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से अफरातफरी फैल गई. जानकारी के अनुसार टोरेंट पावर के बॉक्स से चिंगारियां और धुआं उठने के बाद सुरक्षा सायरन बजने लगा था.

यूपी तक

23 Jun 2026 (अपडेटेड: 23 Jun 2026, 03:33 PM)

follow google news

Agra Coaching Centre: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित भगवान टॉकीज इलाके में एक कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से अफरातफरी फैल गई. जानकारी के अनुसार टोरेंट पावर के बॉक्स से चिंगारियां और धुआं उठने के बाद सुरक्षा सायरन बजने लगा था. जिसके चलते आनन-फानन में पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया. लखनऊ अग्निकांड के बाद आगरा पुलिस और प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रण में लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

शॉर्ट सर्किट से बजा सुरक्षा सायरन

आगरा के सबसे प्रमुख कोचिंग हब माने जाने वाले भगवान टॉकीज इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया था. दरअसल, यहां एक बिल्डिंग में लगे टोरेंट पावर के एक एमएसपी बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया था. शॉर्ट सर्किट के कारण बॉक्स से तेज चिंगारियां और धुआं निकलने लगा था. इसे भांपते हुए वहां लगा सुरक्षा सिस्टम एक्टिव हो गया और तेज आवाज में सायरन बजने लगा था. किसी भी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए तुरंत राहत बचाव का काम शुरू किया गया.

छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

घटना के वक्त बिल्डिंग के अंदर आकाश इंस्टीट्यूट समेत अन्य कोचिंग सेंटर्स में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे. मौके पर मौजूद छात्र लोकेश गौतम और अन्य स्टूडेंट्स ने बताया कि उनकी क्लास चल रही थी. तभी अचानक कुछ टीचर्स क्लास में आए और सभी को तुरंत फायर एग्जिट से बाहर निकलने का निर्देश दिया था. शिक्षकों की सूझबूझ से सभी छात्रों को सुरक्षित तरीके से बिल्डिंग से बाहर निकाल लिया गया था. बाद में बच्चों को पता चला कि नीचे रखे ट्रांसफार्मर बॉक्स में आग लगी थी.

पुलिस ने शुरू किया चेकिंग अभियान

लखनऊ में हुए हालिया दर्दनाक अग्निकांड के बाद से पूरा आगरा जिला प्रशासन बेहद अलर्ट है. इस घटना के सामने आते ही न्यू आगरा थाना प्रभारी ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके के सभी छोटे-बड़े कोचिंग सेंटर्स पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया था. पुलिस की इस कड़ाई और अचानक शुरू हुई सक्रियता को देखकर कई कोचिंग संचालक अपने सेंटर्स पर ताले लगाकर मौके से गायब हो गए थे. पुलिस ने हर सेंटर के अंदर जाकर वहां के इमरजेंसी एग्जिट, वेंटिलेशन और फायर फाइटिंग सिस्टम की बारीकी से जांच की है.

नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य

इस कड़े चेकिंग अभियान के बीच पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाकर बेवजह दहशत का माहौल पैदा करने वाले लोगों को भी सख्त हिदायत दी है. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्रों की जान के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी. आगरा जिले में केवल वही कोचिंग सेंटर संचालित हो सकेंगे, जो सुरक्षा मानकों और नियमों का पूरी तरह से पालन करेंगे. जिनमें लापरवाही मिलेगी, उन्हें सील करके मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.