Agra News: आगरा में रहने वाले उदय सिंह पिप्पल का एक अनोखा संकल्प अब आखिरकार पूरा होने वाला है. करीब चार साल पहले 6 जून 2022 की रात में बदमाशों ने उनके घर में घुसकर चोरी की थी. इस दौरान चोरों ने उनके घर से करीब ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना, चार लाख रुपये की नकदी और उनकी लाइसेंसी राइफल समेत 20 कारतूस चोरी किए थे.
ADVERTISEMENT
राइफल चोरी होने के बाद उन्होंने कसम खाई थी कि जब तक उनकी राइफल वापस नहीं मिल जाती, तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे. अब आगरा पुलिस ने एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चार साल पहले चोरी हुई राइफल को बरामद किया गया है. राइफल मिलने की खबर सुनकर उदय सिंह बेहद खुश हैं और अब वह अपना चार साल पुराना संकल्प पूरा करने जा रहे हैं.
साल 2022 में हुई थी चोरी
6 जून 2022 की रात बदमाशों ने उदय सिंह पिप्पल के घर में बड़ी चोरी की थी. चोर घर से लाइसेंसी राइफल और 20 कारतूस चुरा ले गए थे. इसके साथ ही ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और चार लाख रुपये नकद भी चोरी हुए थे. पुलिस को चोरी जानकारी मिली तो कार्रवाई करते हुए कुछ चोरों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था, जिनके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया, लेकिन चोरी हुई राइफल नहीं मिल पाई थी.
राइफल चोरी होने पर लिया ये संकल्प
राइफल न मिलने पर उदय सिंह ने उसी दिन एक अनोखा फैसला लिया था. उन्होंने तय किया था कि जब तक राइफल नहीं मिलेगी, वह अपने बाल और दाढ़ी बिल्कुल नहीं कटवाएंगे. धीरे-धीरे दिन, महीने और फिर चार साल बीत गए, लेकिन उदय सिंह अपने संकल्प पर पूरी तरह से कायम रहे.
पच्चीस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
अब खैरागढ़ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मिलकर 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ध्रुव को धौलपुर से गिरफ्तार किया है. डीसीपी वेस्ट आदित्य के अनुसार, ध्रुव के खिलाफ अलग-अलग थानों में 9 मुकदमे दर्ज हैं. वह अपने साथियों के साथ मिलकर कई राज्यों और जिलों में चोरी करता था. उसके दो साथी अभी भी फरार हैं.
पुलिस ने बरामद की लाइसेंसी राइफल
पुलिस ने बदमाश ध्रुव के पास से उदय सिंह की चोरी हुई लाइसेंसी राइफल बरामद कर ली है. इसके अलावा 315 बोर के दो कारतूस, चोरी के 50 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल भी मिली है. पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि यह वही राइफल है जो पूर्व प्रधान के घर से चोरी हुई थी.
अब कटवाएंगे अपने बाल और दाढ़ी
पुलिस से अपनी राइफल मिलने की खबर सुनकर उदय सिंह की खुशी लौट आई है. उन्होंने इस सफलता के लिए पूरी पुलिस टीम का आभार जताया है. हालांकि राइफल मिलने के बाद अब वो दिन आ गया है, जब उदय सिंह आईने के सामने बैठकर अपने बाल और दाढ़ी कटवाएंगे और अपने पुराने रूप में वापस आएंगे.
ADVERTISEMENT











