मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 7 अप्रैल को ताजनगरी आगरा के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ₹5142 करोड़ की लागत वाली महत्वाकांक्षी 'ग्रेटर आगरा' परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. इस योजना के माध्यम से आगरा को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया स्वरूप देने की तैयारी है. अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वृंदावन में श्रीमद् जगतगुरु द्वाराचार्य श्री मलूकनाथ जी महाराज के 452वें जयंती महोत्सव में भी सम्मिलित होंगे.
ADVERTISEMENT
10 अत्याधुनिक टाउनशिप से सजेगा 'ग्रेटर आगरा'
योगी सरकार की 'नए शहर प्रोत्साहन योजना' के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा इस विशाल टाउनशिप का निर्माण किया जा रहा है. ग्राम रायपुर और रहन कलां की लगभग 450 हेक्टेयर भूमि पर 10 अत्याधुनिक आवासीय टाउनशिप बसाई जाएंगी. 'ग्रेटर आगरा' में चौड़ी सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति, आधुनिक पार्क और विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा, जो ताजनगरी के आवासीय और शहरी विस्तार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.
विशाल जनसभा और लोकार्पण कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे 'ग्रेटर आगरा' योजना का शिलान्यास करेंगे और टाउनशिप के मॉडल का अवलोकन भी करेंगे. इसके साथ ही वह जनपद के विभिन्न विभागों की करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है.
विकास का मील का पत्थर
प्रदेश के पर्यटन एवं प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 'ग्रेटर आगरा' की यह सौगात शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी. यह परियोजना न केवल आगरा के निवासियों के लिए आधुनिक आवास सुनिश्चित करेगी, बल्कि पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर आगरा प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.
ADVERTISEMENT









