अमेरिका में Ex गर्लफ्रेंड की हत्या कर आगरा में छुपा था अर्जुन शर्मा, फ्लैट 1202 में पकड़ा गया... अब आगे क्या होगा?

यूपी तक

• 03:18 PM • 27 Aug 2026

अमेरिका के मैरीलैंड में 27 वर्षीय तेलुगु महिला निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में वांछित सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि हत्या के बाद वह अमेरिका से भारत भाग आया और आगरा में रह रहा था.

UP Tak
Google CTA

अमेरिका में 27 वर्षीय तेलुगु महिला निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में वांछित सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि अमेरिका के मैरीलैंड में हत्या की वारदात के बाद अर्जुन भारत भाग आया था और आगरा में रह रहा था.

यह भी पढ़ें...

हैदराबाद पुलिस को अर्जुन की तलाश थी. उसकी लोकेशन आगरा में मिलने के बाद तेलंगाना पुलिस ने आगरा पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद पुलिस ने कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में छापा मारकर फ्लैट नंबर 1202 से अर्जुन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया.

मैरीलैंड में हुई थी निकिता की हत्या

मामला अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के हॉवर्ड काउंटी के कोलंबिया इलाके का है. अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला की हत्या 31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 के बीच हुई थी.

आरोप है कि निकिता की उसके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने चाकू से हत्या की. वारदात के बाद अर्जुन अमेरिका से भारत आ गया. अमेरिकी अधिकारियों ने उसके खिलाफ हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था.

पैसों को लेकर चल रहा था विवाद

निकिता के पिता ने मामले में पैसों को लेकर विवाद होने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निकिता और अर्जुन के बीच पैसे को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को हत्या की वजह से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना का पूरा घटनाक्रम जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा.

हैदराबाद में भी दर्ज थी FIR

अर्जुन शर्मा की तलाश केवल अमेरिका में ही नहीं हो रही थी. हैदराबाद पुलिस भी उसके पीछे थी. जांच के दौरान पता चला कि वह हैदराबाद के लल्लागुड़ा थाने में दर्ज एक FIR में भी संदिग्ध था.

जांच के दौरान पुलिस ने अर्जुन के आगरा स्थित पते पर नोटिस भी भेजा था. इसके बाद अमेरिका की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की गई.

आगरा में ऐसे पकड़ा गया अर्जुन

अर्जुन की लोकेशन आगरा में मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस ने आगरा के डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से संपर्क किया. इसके बाद तेलंगाना पुलिस और आगरा पुलिस की टीम ने एकता थाना क्षेत्र के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में दबिश दी. पुलिस ने फ्लैट नंबर 1202 से अर्जुन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए दिल्ली ले जाया गया.

पटियाला हाउस कोर्ट में हुई पेशी

गिरफ्तारी के बाद अर्जुन शर्मा को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. मामले की सुनवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिमेष भास्कर मणि त्रिपाठी की अदालत में हुई.

सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत को मामले से जुड़ी जानकारी दी. अदालत ने आरोपी को हिरासत में रखने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए.

अब अमेरिका प्रत्यर्पण की प्रक्रिया होगी शुरू

अदालत को बताया गया कि अर्जुन शर्मा के खिलाफ अमेरिका में गैर-जमानती वारंट जारी है. अमेरिका की ओर से आरोपी को भारत से वापस भेजने का अनुरोध भी किया गया है. ऐसे में अब अर्जुन शर्मा के अमेरिका प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. 

आगरा में 16 साल का लड़का और 38 साल की ट्यूशन टीचर, दोनों अचानक हुए गायब… फिर सामने आई हिला देने वाली कहानी!