Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों, सोशल मीडिया और कानून, तीनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है. जिस घर की दीवारों के भीतर पारिवारिक विवाद सुलझने चाहिए थे, वहीं अब छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप गूंज रहे हैं. बता दें कि यहां सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर परिवार से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह मामला थाना चित्राहाट क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने अपने पति, सास, ननद और ननदेऊ सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. बता दें कि पीड़िता खुद भी एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर है और उनकी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
एफआईआर के अनुसार, आरोप है कि 19 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे पीड़िता के घर पर कुछ दबंगों के साथ उसका पति, सास और ननद का पति पहुंचे. महिला का कहना है कि सभी लोग जबरन घर में घुस आए और उसके साथ अभद्रता की. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके कपड़े फाड़े गए, उसके साथ मारपीट की गई और जबरदस्ती करने की कोशिश की गई. इतना ही नहीं, लाइसेंसी पिस्टल लहराकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. हंगामे की आवाज सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति काबू में आई. महिला ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि उसे और उसके बच्चे को गंभीर खतरा है और किसी भी समय अनहोनी हो सकती है.
सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से जुड़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की ननद और ननदेऊ सोशल मीडिया पर सक्रिय इनफ्लुएंसर हैं, जिनके नाम संजना और श्याम बताए जा रहे हैं. पारिवारिक विवाद पहले से चल रहा था लेकिन अब यह मामला आपराधिक मुकदमे तक पहुंच गया है. सोशल मीडिया पर सक्रियता के कारण यह प्रकरण तेजी से चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और इस मामले की जांच उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है.
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
चित्राहाट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार लोगों को नामजद करते हुए कुल 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें 11 अज्ञात आरोपी शामिल हैं. पुलिस ने मौके से एक लाइसेंसी पिस्टल जब्त की है और पांच लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की गई है. मामले की जांच उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह मामला अब केवल पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गंभीर आपराधिक आरोपों का रूप ले चुका है. सोशल मीडिया से जुड़े परिवार के कारण यह प्रकरण तेजी से चर्चा में है. फिलहाल पीड़िता ने अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा की मांग की है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: फोन से ऐप डिलीट किया था वंदना ने तो हुई उसकी पति मनोज से लड़ाई... फिर दोनों की बॉडी अलग-अलग जगह लटकी मिली
ADVERTISEMENT









