UP Rojgar Mela 2026: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार की ओर से 28 फरवरी 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़े स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. इन मेलों के माध्यम से हजारों युवाओं को निजी कंपनियों और विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें फ्रेशर के साथ-साथ अनुभवी उम्मीदवार भी भाग ले सकते हैं. बता दें कि अलग-अलग जिलों में 20 से अधिक रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं, जिनमें कुल मिलाकर 98000 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी. ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह एक शानदार अवसर है.
ADVERTISEMENT
किन-किन जिलों में लगेंगे रोजगार मेले
राज्य के कई प्रमुख शहरों और जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. प्रयागराज, गोरखपुर, गोंडा, चंदौली, कानपुर नगर, पीलीभीत, उन्नाव, मेरठ, मुरादाबाद, मिर्जापुर, भदौही, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, महोबा, अमेठी, झांसी, अयोध्या, आजमगढ़, रायबरेली, बुलंदशहर और जौनपुर सहित कई जिलों में ये मेले आयोजित होंगे.
21 फरवरी 2026 को प्रयागराज (4034 पद, विवेकानंद निजी आईटीआई, भावापुर, शिवगढ़, सोरांव), गोरखपुर (484 पद, राजकीय आईटीआई चरगावा), गोंडा (464 पद, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करनैलगंज), चंदौली (395 पद, गवर्नमेंट आईटीआई रेवसा), कानपुर नगर (1560 पद, डीबीएस कॉलेज गोविंद नगर) और पीलीभीत (975 पद, उपाधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में मेले आयोजित होंगे. इसके बाद 23 फरवरी 2026 को उन्नाव (346 पद, चौधरी खजान सिंह कॉलेज) में जॉब फेयर लगेगा.
24 से 26 फरवरी 2026 तक मेरठ (11,890 पद, आईटीआई विश्वविद्यालय गंगानगर) में बड़ा भर्ती मेला आयोजित किया जाएगा. 24 फरवरी को मुरादाबाद (4223 पद, पॉलीटेक्निक परिसर कॉठ रोड) में रोजगार मेला होगा. 25 फरवरी 2026 को मिर्जापुर (8631 पद, जीडी बिनानी पीजी कॉलेज), भदौही (500 पद, जिला रोजगार कार्यालय ज्ञानपुर), सहारनपुर (18,020 पद, क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय व सरकारी आईटीआई), गौतमबुद्ध नगर (9442 पद, विश्वेश्वर्या ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ग्रेटर नोएडा) और महोबा (1124 पद, वीरभूमि गवर्नमेंट पीजी कॉलेज) में भर्ती की जाएगी.
26 फरवरी 2026 को अमेठी (6448 पद, रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय), झांसी (4933 पद, बुंदेलखंड महाविद्यालय), अयोध्या (6338 पद, एमबीए विभाग आईटीआई कैंपस डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय) और आजमगढ़ (6341 पद, डीएवी पीजी कॉलेज) में मेला लगेगा. 27 फरवरी 2026 को उन्नाव (1160 पद, विरेंद्र स्वरूप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन बंथर) और रायबरेली (5945 पद, कर्मयोगी डिग्री कॉलेज) में आयोजन होगा.
28 फरवरी 2026 को कानपुर नगर (450 पद, नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन गंगागंज पनकी), बुलदशहर (50 पद, जी एंड आर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी), जौनपुर (3231 पद, जिला सेवायोजन कार्यालय) और गोरखपुर (50 पद, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय) में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे.
कौन-कौन कर सकता है आवेदन
इन रोजगार मेलों में 10वीं पास, 12वीं पास, आईटीआई, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट सभी योग्य उम्मीदवार भाग ले सकते हैं. अलग-अलग कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी. इसलिए हर शैक्षणिक स्तर के युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध है.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
इच्छुक उम्मीदवार रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन या लॉगिन विकल्प चुनना होगा. नए अभ्यर्थियों को पहले नया पंजीकरण करना होगा, जिसमें नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी. आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर प्रोफाइल पूरा करना जरूरी है.
रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार जॉब फेयर या रोजगार मेला सेक्शन में जाकर अपनी योग्यता और जिले के अनुसार मेला चुन सकते हैं. आवेदन कन्फर्म करने के बाद उसका प्रिंट या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना चाहिए. जिन अभ्यर्थियों ने पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, वे मेला स्थल पर भी पंजीकरण करा सकते हैं.
मेले में जाते समय इन बातों का रखें ध्यान
रोजगार मेले में जाते समय सभी जरूरी शैक्षणिक प्रमाण पत्र और मार्कशीट अपने साथ जरूर ले जाएं. इनके साथ जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी रखें. आधार कार्ड और पैन कार्ड साथ ले जाना जरूरी है. साथ ही 2 से 3 पासपोर्ट साइज फोटो भी रखें. चयन की स्थिति में इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है.
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रहे रोजगार मेले युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा मौका हैं. अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां एक ही स्थान पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी, जिससे उम्मीदवारों को भटकना नहीं पड़ेगा. अधिक जानकारी और अपडेट के लिए उम्मीदवारों को रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहना चाहिए.
यह भी पढ़ें: रेलवे में 10वीं पास के लिए 5349 पदों पर निकली वैकेंसी...बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी, ऐसे करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









