UP SI 2025: दरोगा भर्ती में कम पदों को लेकर युवाओं का विद्रोह! स्कोरकार्ड और पद बढ़ाने की उठी मांग

UP SI Recruitment 2025: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती 2025 में अभ्यर्थियों की मांगें बढ़ गई हैं. पदों की संख्या में वृद्धि और व्यक्तिगत स्कोरकार्ड जारी करने की आवश्यकता सामने आई है. लाखों अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल हुए हैं और बेहतर पारदर्शिता चाहते हैं.

यूपी तक

• 01:17 PM • 30 Mar 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए इस बार की डगर काफी कठिन नजर आ रही है. करीब 5 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आई इस भर्ती में पदों की संख्या को लेकर प्रदेश भर के छात्र और कोचिंग संस्थान लामबंद हो गए हैं.

यह भी पढ़ें...

9534 बनाम 4543, पदों में भारी कटौती से नाराजगी

अभ्यर्थियों का तर्क है कि पिछली भर्ती में जहां 9534 पद थे, वहीं इस बार केवल 4543 पदों पर ही परीक्षा कराई गई है. पिछले 5 साल से कोई भर्ती न आने के कारण ओवरएज हो रहे युवाओं और कड़ी मेहनत कर रहे छात्रों का कहना है कि पदों की संख्या कम से कम 2000 और बढ़ाई जाए. सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री से लगातार आग्रह किया जा रहा है कि रिक्तियों की संख्या में वृद्धि कर युवाओं को न्याय दिया जाए.

पारदर्शिता के लिए इंडिविजुअल स्कोरकार्ड की मांग

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए अभ्यर्थी और शिक्षक संघ एक स्वर में व्यक्तिगत स्कोरकार्ड (Scorecard) जारी करने की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि DV/PST (दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण) के परिणामों के साथ ही उनके अंक भी सार्वजनिक किए जाएं, ताकि वे अपने प्रदर्शन का सटीक आकलन कर सकें और चयन प्रक्रिया पर कोई सवाल न रहे.

कोचिंग संस्थानों का मिला भारी समर्थन

इस डिजिटल आंदोलन में प्रदेश के नामी कोचिंग संस्थान और शिक्षक भी कूद पड़े हैं. शिक्षकों का मानना है कि 5 साल के अंतराल के बाद आई भर्ती में प्रतियोगिता का स्तर बहुत ऊँचा है. ऐसे में पदों की संख्या बढ़ाना और स्कोरकार्ड जारी करना भर्ती प्रणाली की विश्वसनीयता के लिए अनिवार्य है.

भर्ती बोर्ड की चुप्पी और बढ़ता तनाव

परीक्षा संपन्न हुए समय बीत रहा है, लेकिन भर्ती बोर्ड की ओर से अभी तक पदों की संख्या बढ़ाने या स्कोरकार्ड पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अभ्यर्थी अब बड़े स्तर पर ऑनलाइन कैंपेन चलाकर अपनी आवाज शासन तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. यह भर्ती प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य और रोजगार के सपनों से सीधे तौर पर जुड़ी है.