RRB NTPC Vacancy 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) ग्रेजुएट पदों पर बंपर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के तहत कुल 3548 पदों पर उम्मीदवारों का चयन होगा. योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है और उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
इस भर्ती में चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पद शामिल हैं. इन पदों पर शुरुआती वेतन 29,200 रुपये से 35,400 रुपये तक दी जाएगी. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक अच्छा मौका है.
भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी तारीखें
रेलवे की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है. नौकरी की चाह रखने वाले इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म भर सकते हैं. वहीं, ऑनलाइन माध्यम से आवेदन की फीस जमा करने की आखिरी तारीख 8 नवंबर 2026 तय की गई है. अगर फॉर्म भरते समय आपसे कोई गलती हो जाती है, तो आप 9 नवंबर से लेकर 18 नवंबर 2026 के बीच अपने फॉर्म में सुधार कर सकते हैं.
जानें किन पदों पर निकली भर्ती
रेलवे ने इस बंपर भर्ती के तहत कुल 3548 खाली पदों पर आवेदन मांगे हैं. इसमें सबसे ज्यादा 2750 पद गुड्स ट्रेन मैनेजर के लिए निकाले गए हैं. इसके अलावा सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 पद और चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 127 पद शामिल हैं.
हर महीने मिलेगी शानदार सैलरी
इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग (7th CPC) के तहत सैलरी दी जाएगी. गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पदों के लिए लेवल-5 के तहत 29,200 रुपये प्रति माह की शुरुआती बेसिक सैलरी मिलेगी. वहीं, चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के पद पर चयनित होने वाले युवाओं को लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये की शुरुआती बेसिक सैलरी दी जाएगी.
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए?
रेलवे द्वारा जारी इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए. जो उम्मीदवार अभी अपनी अंतिम परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे आवेदन नहीं कर सकते हैं.
उम्र सीमा 18 से 33 साल
रेलवे ने इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की उम्र को लेकर भी विशेष ध्यान दिया है. उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 33 साल होनी चाहिए.
SC और ST वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में 5 साल और OBC-NCL उम्मीदवारों को 3 साल की छूट दी जाएगी. इसके अलावा नियमों के अनुसार अन्य वर्गों को भी उम्र में छूट मिलेगी.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा
सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है. पहले चरण के कंप्यूटर-आधारित टेस्ट देने के बाद उम्मीदवारों को 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे.
SC, ST, एक्स-सर्विसमैन, PwBD, महिला, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और EBC उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है. पहले चरण की CBT में शामिल होने पर यह राशि भी बैंक शुल्क काटकर वापस की जाएगी. फीस का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या UPI से किया जा सकता है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स के जरिए RRB NTPC भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.
- सबसे पहले RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- RRB NTPC CEN 06/2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें.
- अगर पहले से अकाउंट बना है तो अपनी लॉगिन जानकारी से साइन इन करें. नए उम्मीदवार पहले 'Create an Account' पूरा करें.
- अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण भरें.
- अपनी पसंद का केवल एक RRB चुनें और पदों की प्राथमिकता दर्ज करें.
- जरूरी दस्तावेज और फोटो से संबंधित जानकारी अपलोड/दर्ज करें.
- अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें.
- आवेदन फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करें.
- भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन फॉर्म और फीस की रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रखें.
उम्मीदवार आवेदन के लिए RRB की आधिकारिक वेबसाइट और ऑनलाइन आवेदन के लिए rrbapply.gov.in का इस्तेमाल करें. एक उम्मीदवार केवल एक RRB के लिए आवेदन कर सकता है. एक से ज्यादा आवेदन करने पर सभी आवेदन रद्द किए जा सकते हैं.
आवेदन से पहले नोटिफिकेशन पढ़ें
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले RRB NTPC CEN 06/2026 का पूरा नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें. रेलवे ने साफ किया है कि भर्ती से जुड़ी जानकारी और आगे के अपडेट आधिकारिक RRB वेबसाइट पर ही जारी किए जाएंगे. उम्मीदवारों को फर्जी वेबसाइट और किसी भी तरह के बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT











