UP Agniveer Recruitment: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश में आज यानी 17 अगस्त से सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली का शानदार आगाज हो चुका है. जिन अभ्यर्थियों ने पहले चरण का 'कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन' (CEE) पास कर लिया है, अब वे दूसरे चरण के फिजिकल टेस्ट के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंच रहे हैं. यह रैली 17 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी. इस भर्ती प्रक्रिया में 13 जिलों के 25,920 उम्मीदवार हिस्सा लेंगे.
ADVERTISEMENT
25 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस भर्ती रैली में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के कुल 25,920 अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं. ये सभी वह युवा हैं जिन्होंने 1 जून से 15 जून 2026 के बीच हुए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) को सफलतापूर्वक पास किया है. आपको बता दें कि सी-ई-ई (CEE) परीक्षा में कुल 89,000 युवाओं ने हिस्सा लिया था, जिनमें से इन 25 हजार से ज्यादा युवाओं ने बाजी मारी है और अब वे अगले चरण के लिए मैदान में हैं.
इन 13 जिलों के युवाओं को मिला मौका
सहारनपुर में चल रही इस भर्ती रैली में पश्चिमी यूपी के 13 जिलों के युवा शामिल हो रहे हैं. इनमें अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली जिले के अभ्यर्थी शामिल हैं.
इन पदों के लिए हो रही है भर्ती
इस रैली में अग्निवीर के तीन मुख्य पदों के लिए शारीरिक परीक्षा और चयन प्रक्रिया की जा रही है.
अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD)
अग्निवीर टेक्निकल
अग्निवीर ट्रेड्समैन
दौड़ से होगी भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत
भर्ती के दूसरे चरण की शुरुआत सबसे पहले दौड़ (फिजिकल टेस्ट) से होगी. एक राउंड की दौड़ में करीब 100 अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा. जो अभ्यर्थी दौड़ में पास होंगे, उनका बायोमेट्रिक परीक्षण किया जाएगा. इसके बाद उनकी फिजिकल फिटनेस की पूरी जांच होगी और फिर जरूरी दस्तावेजों (डॉक्यूमेंट्स) का सत्यापन किया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया में सफल होने वाले युवाओं को मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.
सेना ने जारी किए हैं जरूरी निर्देश
इंडियन आर्मी ने सभी कैंडिडेट्स के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. सेना ने कहा है कि अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड में बताए गए तय दिन और समय पर ही भर्ती केंद्र पर पहुंचें. इसके अलावा, दौड़ के तुरंत बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा, इसलिए सभी युवा अपने सभी जरूरी और ओरिजिनल दस्तावेज साथ लेकर जाना ना भूलें.
यह उत्तर प्रदेश में 2027 की भर्ती प्रक्रिया के लिए होने वाली अग्निवीर भर्ती रैलियों की पहली रैली है, जिसे आने वाले 2027 विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं के लिए एक बड़ा मौका माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT











