UPSSSC Final Result 2026: उत्तर प्रदेश में सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. कुल 1828 पदों के लिए 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है. आयोग ने चयनित उम्मीदवारों की सूची के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है. उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और चयन से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं.
ADVERTISEMENT
सहायक लेखाकार के सामान्य पदों पर 570 चयन
आयोग के परिणाम के मुताबिक आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के लिए 570 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. इनमें 387 सामान्य, 117 OBC और 66 EWS वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं. वहीं SC के 88 और ST के 10 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण इन पदों को नियमानुसार आगे के लिए रखा गया है.
विशेष चयन के 866 पदों पर मिली सफलता
सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों में से 866 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. इनमें 341 SC, 12 ST और 513 OBC वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं. महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित 190 सीटों पर सभी पदों पर चयन हुआ है. इसके अलावा लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों में से 206 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. इनमें 96 अनारक्षित, 28 SC, 4 ST, 58 OBC और 20 EWS अभ्यर्थी हैं. महिला आरक्षण की 41 सीटों पर भी सभी योग्य उम्मीदवारों का चयन हुआ है.
68 अभ्यर्थियों का रिजल्ट प्रोविजनल
जारी परिणाम में 68 अभ्यर्थियों को प्रोविजनल यानी औपबंधिक रूप से शामिल किया गया है. इन उम्मीदवारों का अंतिम फैसला दस्तावेजों की जांच और संबंधित विभाग के निर्णय के बाद होगा. इसके साथ ही यूपी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में सहायक लेखाकार की एक सीट पर भी एक अभ्यर्थी का चयन किया गया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती का परिणाम हाई कोर्ट में चल रही याचिकाओं के फैसले के अधीन रहेगा. भविष्य में अदालत से आने वाले किसी आदेश का असर चयन प्रक्रिया पर पड़ सकता है.
वेबसाइट पर चेक करें रिजल्ट और कटऑफ
UPSSSC ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. भर्ती से जुड़ी जानकारी में आयोग ने अभ्यर्थियों को परिणाम और कटऑफ को ध्यान से देखने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT











