कौन हैं अमरपाल मौर्य? जिन्हें BJP ने बनाया OBC मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष

यूपी तक

• 03:30 PM • 17 Aug 2026

भाजपा ने उत्तर प्रदेश के राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य को OBC मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है. जानिए प्रतापगढ़ के किसान परिवार से राष्ट्रीय राजनीति तक उनके सफर की पूरी कहानी.

Amarpal Maurya BJP OBC Morcha President

Amarpal Maurya BJP OBC Morcha President

Google CTA

Amarpal Maurya BJP OBC Morcha President: भारतीय जनता पार्टी ने 17 अगस्त 2026 को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश से आने वाले राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य को पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है. प्रतापगढ़ के एक गांव से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचने वाले अमरपाल मौर्य लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं. खबर में आप तफ्सील से अमरपाल मौर्य की पूरी प्रोफाइल पढ़िए.

यह भी पढ़ें...

प्रतापगढ़ के राजापुर बिंधन गांव से हैं अमरपाल मौर्य

अमरपाल मौर्य का जन्म 11 सितंबर 1980 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के राजापुर बिंधन गांव में हुआ था. उनके पिता का नाम राम देव मौर्य और माता का नाम रामकली मौर्य है. उनका पारिवारिक पेशा कृषि रहा है और वे स्वयं भी किसान पृष्ठभूमि से आते हैं. उनकी पत्नी का नाम रमा कुशवाहा है. दोनों का विवाह 21 फरवरी 2015 को हुआ था. उनके दो बेटे हैं.

योग में एमए, किसान परिवार से राष्ट्रीय राजनीति तक

अमरपाल मौर्य ने राजस्थान के लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती संस्थान (डीम्ड यूनिवर्सिटी) से योग विषय में एमए किया है. शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई.

RSS से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर

अमरपाल मौर्य का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से शुरू हुआ. वर्ष 1993 में वे RSS में मुख्य शिक्षक बने. इसके बाद 1996 में मंडल कार्यवाह, 1997 में सह खंड कार्यवाह और 2000 से 2006 तक दिल्ली और हरियाणा में जिला प्रचारक के रूप में कार्य किया. वर्ष 2010 में उन्होंने गंगा आंदोलन में भी भाग लिया.

भाजपा संगठन में लगातार बढ़ती जिम्मेदारियां

RSS के बाद अमरपाल मौर्य भाजपा संगठन में सक्रिय हुए. वर्ष 2011 से 2015 तक वे भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे.

इसके बाद उन्हें लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं:

2016 से 2019 तक भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री
2020 में प्रदेश महामंत्री और अवध क्षेत्र के प्रभारी
काशी क्षेत्र के प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी
2020 से लगातार भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली की ऊंचाहार सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा.

पूर्वांचल विकास बोर्ड से राज्यसभा तक

अमरपाल मौर्य वर्ष 2018 से मार्च 2024 तक पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य रहे. इसके बाद अप्रैल 2024 में उन्हें राज्यसभा के लिए निर्वाचित किया गया. राज्यसभा पहुंचने के बाद भी उन्हें कई संसदीय समितियों में जिम्मेदारियां मिलीं.

संसद में कई महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य

राज्यसभा सदस्य बनने के बाद अमरपाल मौर्य को विभिन्न समितियों में शामिल किया गया.

संचार और सूचना प्रौद्योगिकी समिति के सदस्य (सितंबर 2024 से)
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य (अक्टूबर 2024 से)
ऊर्जा मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य (अप्रैल 2025 से)
भारत-पोलैंड संसदीय मैत्री समूह के सदस्य (फरवरी 2026 से)
अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सदस्य (अगस्त 2026 से)
अब मिली OBC मोर्चा की कमान

17 अगस्त 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित नई संगठनात्मक टीम में अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया. संगठन में लंबे अनुभव, RSS की पृष्ठभूमि, उत्तर प्रदेश में सक्रिय भूमिका और ओबीसी समाज के बीच काम करने के अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है.