गाजियाबाद में नवविवाहिता आकृति ने मौत से 30 मिनट पहले मायकेवालों से कही थी ये बात, फिर आई उसकी छत से गिरने की खबर

मयंक गौड़

• 08:46 PM • 13 Sep 2026

गाजियाबाद के मुरादनगर में दहेज मांगने और विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में पति गौरव गिरफ्तार हुआ है. आकृति की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है.

Ghaziabad Crime News

Ghaziabad Crime News

Google CTA

गाजियाबाद के मुरादनगर में शादी के करीब 6 महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि महिला ने मौत से कुछ घंटे पहले फोन कर मदद की गुहार लगाई थी. उसने पति और ससुराल के लोगों पर मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था. कुछ देर बाद फोन कट गया. इसके बाद पति ने मायके वालों को फोन कर बताया कि महिला छत से गिर गई है.

यह भी पढ़ें...

महिला को अस्पताल ले जाया गया. कई दिनों तक उसका इलाज चला. 10 सितंबर को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मायके पक्ष ने पुलिस में शिकायत दी. मामले में पुलिस ने पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया है.  बाकी नामजद आरोपियों की तलाश जारी है. 

छह महीने पहले हुई थी शादी

एफआईआर के मुताबिक, मुरादनगर की रहने वाली आकृति की शादी करीब छह महीने पहले रमेश के बेटे गौरव से हुई थी. शिकायत में कहा गया है कि शादी के दौरान ही ससुराल पक्ष की ओर से कार की अतिरिक्त मांग रखी गई थी. इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था. इसके बाद आकृति और गौरव ने 23 मार्च 2026 को गाजियाबाद रजिस्ट्रार कार्यालय में कोर्ट मैरिज की थी. 

30 लाख और स्कॉर्पियो-एन की मांग का आरोप

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद गौरव ने पत्नी से 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन कार की मांग शुरू कर दी. मांग पूरी नहीं होने पर आकृति को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था.परिवार का कहना है कि आकृति चोरी-छिपे फोन कर मायके वालों को अपने साथ हो रही कथित प्रताड़ना की जानकारी देती थी. उसने ससुराल पक्ष की ओर से उसे और परिवार को धमकाने की बात भी बताई थी. 

मौत से पहले आया था फोन

परिजनों के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब नौ बजे आकृति ने फोन किया था. उसने बताया कि पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननदें उसके साथ मारपीट कर रही हैं. उसने जान से मारने की कोशिश किए जाने की बात भी कही. कुछ देर बाद फोन कट गया. इसके बाद गौरव ने मायके वालों को सूचना दी कि आकृति छत से गिर गई है. उसने उसे अस्पताल ले जाने की जरूरत बताई. परिजन अस्पताल पहुंचे. वहां आकृति का इलाज चल रहा था. हालांकि, 10 सितंबर को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पति समेत पांच लोगों पर केस

आकृति के भाई प्रभात ने मुरादनगर थाने में तहरीर दी. शिकायत के आधार पर गौरव, उसके पिता रमेश, सरोज, नेहा और सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80, 85, 115(2), 352 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है. मामले की जांच एसीपी सुनील कुमार की निगरानी में की जा रही है. 

पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गौरव को मुरादनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गौरव ने शादी के बाद दहेज नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई. पुलिस के अनुसार, उसने 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन की मांग किए जाने की बात स्वीकार की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गौरव ने पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात भी बताई है. हालांकि, आकृति की छत से गिरकर मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर लगाए गए हत्या के आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी.

पोस्टमार्टम और साक्ष्यों से खुलेगा मौत का राज

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. नामजद बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी तलाश जारी है.