दुबई से इजराइल जा रहे विमान में कॉकपिट के भीतर हुए जानलेवा हमले के बावजूद 91 यात्रियों की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराने वाले भारतीय कैप्टन स्मिथ मच्छार की बहादुरी की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है. खून से लथपथ होने के बाद भी अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देने वाले कैप्टन स्मिथ की तारीफ इजराइल के प्रधानमंत्री से लेकर अमेरिका तक में हो रही है. वहीं भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम नेताओं ने भारतीय कैप्टन के इस पराक्रम को नमन किया है.
ADVERTISEMENT
1 मिनट में 1400 फीट नीचे गिरा विमान
घटना 30 सितंबर 2026 की है जब फ्लाइट FZ17 ने दुबई से तेल अवीव (इजराइल) के लिए उड़ान भरी थी. सफर के दौरान अचानक ओमानी मूल के सह-पायलट (को-पायलट) ने प्लेन हाईजैक करने की नीयत से भारतीय कैप्टन स्मिथ मच्छार पर चाकुओं से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले के कारण विमान अनियंत्रित हो गया और महज 1 मिनट के भीतर 1,400 फीट तेजी से नीचे गिरने लगा जिससे विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
घायल कैप्टन की सूझबूझ और सऊदी अरब में लैंडिंग
चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मिथ ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने असीम धैर्य दिखाते हुए कॉकपिट का इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया ताकि बाहर मौजूद केबिन क्रू को स्थिति का पता चल सके. दरवाजा खुलते ही क्रू मेंबर्स तुरंत कॉकपिट में घुसे और हमलावर को-पायलट को काबू में कर लिया.
इसके बाद कैप्टन स्मिथ ने हार न मानते हुए विमान में मौजूद एक अन्य 'ऑफ-ड्यूटी' पायलट की मदद से फ्लाइट को संभाला, उसका रूट बदला और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई.
'इस हिंदुस्तानी ने 91 जिंदगियां बचा लीं' - PM मोदी और CM योगी की प्रतिक्रिया
कैप्टन स्मिथ के इस अदम्य साहस पर देश और दुनिया से तारीफों का तांता लग गया है. पीएम मोदी ने अपने भाषण और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मिथ को 'हीरो' बताया. उन्होंने कहा, 'जैसे आज इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हिंदुस्तानी ने 91 लोगों को काल के गाल में समाने से बचा लिया. स्मिथ का यह पराक्रम हम सभी को गर्व से भर देता है.'
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कैप्टन की तारीफ में लिखा कि गंभीर खतरे और घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार अडिग रहे. उनके साहस, सजगता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा. सीएम योगी ने प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की. फिलहाल, अस्पताल में इलाज करा रहे कैप्टन स्मिथ मज़ार की वीरता और तत्परता की वजह से एक बड़ा विमान हादसा टल गया और सभी 91 यात्री सुरक्षित हैं.
ADVERTISEMENT










