गोल्ड जीतकर जापान जाने की तैयारी कर रहा था खिलाड़ी…लेकिन फिर क्या हुआ कि चली गई जान?

Chirag Tyagi Murder Case: जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे गाजियाबाद के उभरते पैरा एथलीट चिराग त्यागी की दर्दनाक हत्या ने पूरे खेल जगत को झकझोर दिया है.

यूपी तक

• 02:56 PM • 31 May 2026

follow google news

Chirag Tyagi Murder Case: जिस बेटे ने अपने संघर्ष, मेहनत और जुनून के दम पर देश के लिए मेडल जीतने का सपना देखा था, उसकी जिंदगी एक दर्दनाक साजिश का शिकार होकर खत्म हो गई. अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी अब इस दुनिया में नहीं रहे. कुछ दिन पहले ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर परिवार, गांव और देश का नाम रोशन करने वाले चिराग की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खबर ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे खेल जगत को स्तब्ध कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव के रहने वाले चिराग त्यागी देश के उभरते हुए पैरा एथलीट्स में गिने जाते थे. उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया था, जहां से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराने का सपना अब हकीकत बनने वाला था. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि सपनों से भरी यह जिंदगी इतनी बेरहमी से खत्म कर दी जाएगी.

घर से हॉस्टल जाने निकले थे चिराग, फिर मिली मौत की खबर

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह चिराग घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे. सुबह करीब 8 बजे उनकी परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी. परिवार का कहना है कि चिराग ने फोन कर बताया था कि वह अपने नाना और रिश्तेदारों से मिलने भी जाएंगे, क्योंकि काफी समय से मुलाकात नहीं हुई थी.

लेकिन समय बीतने के बावजूद जब चिराग घर नहीं लौटे और उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी. इसी बीच साईं उपवन इलाके में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान 24 वर्षीय चिराग त्यागी के रूप में हुई. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

परिवार बोला- किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी

परिवार का दावा है कि चिराग का किसी से कोई विवाद नहीं था. वह पूरी तरह अपने खेल, ट्रेनिंग और भविष्य की तैयारियों में जुटे रहते थे. परिवार ने कहा कि चिराग बेहद शांत स्वभाव के थे और उनका पूरा ध्यान केवल अपने करियर पर था.

परिजनों ने बताया कि हाल ही में वह एशियन गेम्स के ट्रायल से लौटे थे और अक्टूबर में जापान जाने की तैयारी कर रहे थे. ऐसे में परिवार के लिए यह समझ पाना मुश्किल था कि आखिर किसने और क्यों चिराग को मौत के घाट उतार दिया.

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसकी पहचान यश खटीक के रूप में हुई. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.

सख्ती से पूछताछ करने पर यश खटीक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और हत्या के पीछे की वजह का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, यश खुद भी एक पैरा एथलीट है और पहले चिराग के साथ खेल की प्रैक्टिस किया करता था.

दोस्ती से दुश्मनी तक: शिकायत बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि चिराग और यश दोनों ब्लाइंड कैटेगरी के अंतर्गत एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे. दोनों एक समय अच्छे साथी थे और साथ में ट्रेनिंग भी करते थे.

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से जुड़ा एक विवाद सामने आया था. इस मामले में चिराग त्यागी ने यश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि इसी शिकायत के आधार पर यश का क्वालिफिकेशन रद्द कर दिया गया था, जिसके कारण वह प्रतियोगिता से बाहर हो गया.

यही बात यश के मन में गहरी नाराजगी और बदले की भावना का कारण बन गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से बदला लेने की फिराक में था और उसने सुनियोजित तरीके से चिराग की हत्या की साजिश रची.

गोली मारकर की गई हत्या

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पहले पिस्तौल का इंतजाम किया और फिर मौका देखकर चिराग को निशाना बनाया. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि चिराग की गोली मारकर हत्या की गई है.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टीमों को लगाया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस हत्या में किसी और की भूमिका तो नहीं थी.

हाल ही में जीता था गोल्ड मेडल

चिराग त्यागी ने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया था.

उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे इलाके में खुशी का माहौल था. हर कोई उम्मीद कर रहा था कि चिराग अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए मेडल जीतेंगे. लेकिन नियति को शायद कुछ और मंजूर था.

खेल जगत में शोक, सोशल मीडिया पर उमड़ा दुख

एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की इस दर्दनाक हत्या ने पूरे खेल जगत को झकझोर दिया है. सोशल मीडिया पर लोग चिराग त्यागी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

जिस खिलाड़ी ने देश के लिए मेडल जीतने का सपना देखा था, उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल था और चिराग को न्याय कब तक मिलेगा.