‘15 टिकट मांगने’ की खबर पर आजम खान की पत्नी ताजीन फातिमा ने तोड़ी चुप्पी, अखिलेश यादव से मुलाकात की बताई पूरी सच्चाई

आमिर खान

• 12:19 PM • 07 Oct 2026

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. ताजीन फातिमा ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आई उन खबरों पर सफाई दी है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान आजम खान की मर्जी से 15 विधानसभा सीटों पर टिकट देने की मांग की थी.

Google CTA

Azam Khan Wife Tazeen Fatma News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. ताजीन फातिमा ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आई उन खबरों पर सफाई दी है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान आजम खान की मर्जी से 15 विधानसभा सीटों पर टिकट देने की मांग की थी. ताजीन फातिमा ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है. रामपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले लखनऊ में अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात निजी और पारिवारिक थी. इस दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई.

यह भी देखें...

मुलाकात को लेकर ताजीन फातिमा ने दी सफाई

ताजीन फातिमा ने बताया कि वह करीब चार-पांच दिन पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ गई थीं. उनके मुताबिक, मुलाकात के बाद कुछ समाचार पत्रों और इंस्टाग्राम पर ऐसी खबरें सामने आईं, जिनमें कहा गया कि वह आजम खान का पत्र लेकर अखिलेश यादव से मिलने पहुंची थीं. इन खबरों में यह भी दावा किया गया कि पत्र के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव में 15 सीटों की मांग रखी गई थी. पूर्व सांसद ने कहा कि यह पूरी जानकारी गलत है और मुलाकात में इस तरह की कोई राजनीतिक बातचीत नहीं हुई.

‘15 सीटों की मांग की खबर बिल्कुल गलत’

ताजीन फातिमा ने 15 विधानसभा सीटों की मांग किए जाने की खबर को स्पष्ट तौर पर खारिज किया. उन्होंने सवाल उठाया कि खबर में ‘विश्वसनीय सूत्रों’ का हवाला दिया गया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि वे सूत्र आखिर कौन थे. उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने से पहले उसकी सच्चाई की पुष्टि करना जरूरी है. ताजीन फातिमा के मुताबिक, बिना तथ्य की जांच किए ऐसी खबर प्रकाशित होने से लोगों के बीच गलत संदेश जाता है. उन्होंने समाचार पत्रों से पत्रकारिता के मूल्यों और अपनी विश्वसनीयता को बनाए रखने की अपील भी की.

आजम खान का पत्र लेकर जाने के दावे पर भी जवाब

आजम खान के कथित पत्र को लेकर ताजीन फातिमा ने कहा कि उनका ऐसा कोई पत्र लेकर अखिलेश यादव के पास जाने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने कहा कि आजम खान खुद कई बार यह कहते रहे हैं कि अखिलेश यादव उनके बेटे की तरह हैं. ऐसे में यह बात समझ से परे है कि आजम खान अपने बेटे को पत्र भेजकर दबाव बनाने, 15 सीटें देने या अपने उम्मीदवार खड़े करने की मांग करेंगे. उन्होंने इस दावे को भी गलत बताया कि लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान आजम खान की ओर से कोई राजनीतिक संदेश लेकर वह अखिलेश यादव के पास गई थीं.

भरोसेमंद खबर मिलने की अपील

ताजीन फातिमा ने पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया की जिम्मेदारी पर भी बात की. उन्होंने कहा कि जनता समाचार पत्रों पर भरोसा करके खबरें पढ़ती है, इसलिए जरूरी है कि प्रकाशित होने वाली जानकारी सही और तथ्यपूर्ण हो. उनके मुताबिक खबरों के जरिए जनता के बीच किसी तरह का गलत संदेश नहीं जाना चाहिए. उन्होंने मीडिया संस्थानों से पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने की अपील की. फिलहाल ताजीन फातिमा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 15 सीटों की मांग करने और आजम खान का पत्र लेकर अखिलेश यादव से मिलने संबंधी खबरों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से हुई उनकी मुलाकात केवल निजी और पारिवारिक थी.