Rahul Gandhi Detained News: राजधानी दिल्ली में 6 अक्टूबर की रात SIR के विरोध में चल रहा प्रदर्शन उस वक्त और गरमा गया, जब दिल्ली पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आकाशवाणी भवन के पास से हिरासत में ले लिया. सामने आए वीडियो और तस्वीरों में पुलिसकर्मी राहुल गांधी को बस के अंदर ले जाने की कोशिश करते नजर आए. इस दौरान कई पुलिसकर्मी उन्हें अलग-अलग तरफ से पकड़ते दिखे, जबकि राहुल गांधी लगातार विरोध करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. बस के भीतर पहुंचने के बाद भी उनका विरोध जारी रहा और वह खिड़की से बाहर लटके दिखाई दिए. इस कार्रवाई के दौरान प्रियंका गांधी समेत कई अन्य सांसदों और प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस और राहुल में खींचतान
राहुल गांधी को बस के अंदर ले जाने के दौरान काफी देर तक खींचतान की स्थिति बनी रही. तस्वीरों में बस के दरवाजे पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें अंदर की तरफ ले जाते दिखाई दिए, जबकि राहुल गांधी दूसरी दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश करते नजर आए. पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर बस के भीतर ले जाने की कोशिश कर रहे थे और राहुल लगातार इसका विरोध करते दिखे. इस दौरान उनके आसपास मौजूद समर्थक भी उन्हें संभालने और समर्थन देने की कोशिश करते नजर आए. पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हलचल दिखाई दी.
बस के अंदर पहुंचने के बाद भी जारी रहा विरोध
पुलिस द्वारा राहुल गांधी को बस के अंदर ले जाने के बाद भी स्थिति पूरी तरह शांत नहीं हुई. सामने आई तस्वीरों में राहुल गांधी बस की खिड़की से बाहर लटके नजर आए. बस के भीतर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें वापस अंदर खींचने की कोशिश करते दिखाई दिए. वहीं बाहर खड़े समर्थक लगातार आवाज लगाते रहे. वीडियो में कुछ लोगों की ओर से राहुल गांधी को अंदर रहने के लिए कहा जाता सुनाई देता है. इसी दौरान एक आवाज में पैर छोड़ने के लिए भी कहा जाता सुनाई दिया. समर्थकों की ओर से राहुल गांधी के संघर्ष जारी रखने की बात भी कही गई.
SIR के विरोध में निकला था सेफ डेमोक्रेसी मार्च
दरअसल, 6 अक्टूबर को SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के नेताओं और सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक ‘सेफ डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला था. प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी की कई तस्वीरें सामने आईं. वह बैरिकेडिंग पर चढ़कर तिरंगा लहराते दिखाई दिए. कुछ तस्वीरों में तिरंगे को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ उनकी बहस और खींचतान भी नजर आई. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी इस दौरान राहुल गांधी के साथ मौजूद थे. बाद में दोपहर में पुलिस ने अखिलेश यादव को भी डिटेन कर लिया, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया और वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए.
करीब 8 घंटे धरने पर बैठे राहुल और प्रियंका
अखिलेश यादव के जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए. दोनों करीब 8 घंटे से ज्यादा समय तक वहां बैठे रहे. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने की मांग कर रहे थे. इसके बाद देर शाम पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर कार्रवाई शुरू की. जानकारी के मुताबिक रात करीब 8 बजे दिल्ली पुलिस वहां पहुंची और सबसे पहले राहुल गांधी के आसपास मौजूद लोगों तथा समर्थकों को हटाया गया. इसके बाद पुलिसकर्मी राहुल गांधी को पकड़कर बस की तरफ ले जाने लगे. इस दौरान तस्वीरों और वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ते, खींचते और धक्का देते दिखाई दिए.
प्रियंका भी बस की खिड़की से बाहर दिखीं
राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. उन्हें बस में बैठाए जाने के दौरान वह भी खिड़की से बाहर लटकती नजर आईं. पुलिस की इस कार्रवाई में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कई अन्य सांसदों और प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया. जानकारी के अनुसार कुल करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को किंग्स वे कैंप ले जाया गया. करीब दो घंटे बाद दोनों को छोड़ दिया गया. बाहर आने के बाद राहुल गांधी जब अपनी गाड़ी में बैठे तो उन्होंने मीडिया के सामने संविधान की कॉपी दिखाई. इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस और राहुल गांधी के बीच हुई खींचतान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं और दिल्ली की राजनीति में भी यह कार्रवाई सुर्खियों में बनी हुई है.
ADVERTISEMENT










