मुख्यमंत्री योगी के सामने मंच पर घबरा गईं गोरखपुर की रचना राय, आवाज लड़खड़ाई तो CM ने कहा- घबराइए नहीं... फिर बदल गया पूरा अंदाज

यूपी तक

• 12:10 PM • 07 Oct 2026

लखनऊ में एचसीएल टेक के 10 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर के कौड़ीराम की रहने वाली रचना राय का एक पल चर्चा में आ गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हजारों लोगों के सामने अनुभव साझा करने पहुंचीं रचना शुरुआत में काफी नर्वस दिखाई दीं.

Google CTA

Lucknow Programme Rachna Rai: लखनऊ में एचसीएल टेक के 10 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर के कौड़ीराम की रहने वाली रचना राय का एक पल चर्चा में आ गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हजारों लोगों के सामने अनुभव साझा करने पहुंचीं रचना शुरुआत में काफी नर्वस दिखाई दीं. माइक संभालते ही उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी और वह अपनी बात कई बार दोहराने लगीं. कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि उनके लिए भाषण पूरा करना मुश्किल हो रहा है. तभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सहज होकर और बिना घबराए बोलने के लिए कहा. इसके बाद रचना ने फिर से शुरुआत की और धीरे-धीरे उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया. कुछ ही देर में वह पूरे भरोसे के साथ अपनी कहानी लोगों को बताने लगीं.

यह भी देखें...

मंच पर पहुंचते ही अटकने लगी रचना की आवाज

रचना राय को कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने के लिए मंच पर बुलाया गया था. सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े लोग मौजूद थे और हॉल में बड़ी संख्या में लोग बैठे थे. माइक के सामने आते ही रचना घबरा गईं. वह बोलना शुरू करतीं, फिर शब्दों पर अटक जातीं और अपनी बात दोबारा कहने लगतीं. उन्होंने अंग्रेजी में भी कहा कि वह फिर से शुरुआत करेंगी और इस बार बेहतर तरीके से बोलने की कोशिश करेंगी. इस दौरान कुछ लोगों के हंसने की बात भी सामने आई, लेकिन रचना ने बोलने की कोशिश जारी रखी. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी स्थिति को समझते हुए उन्हें आराम से बोलने के लिए कहा.

योगी की बात के बाद लौटा आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री की ओर से सहज होकर बोलने की बात कहे जाने के बाद रचना ने दोबारा अपनी बात शुरू की. इसके बाद उनके बोलने के अंदाज में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई दिया. कुछ समय पहले तक जो रचना शब्दों को लेकर झिझक रही थीं, वही बाद में पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी कहानी बताने लगीं. हॉल में तालियां भी गूंजीं. रचना ने बताया कि टेक प्रोग्राम ने उन्हें आगे बढ़ने और मंच पर खड़े होकर अपनी बात रखने का साहस दिया है. उनके लिए यह मौका केवल भाषण देने का नहीं, बल्कि अपने अंदर आए बदलाव को लोगों के सामने रखने का भी था.

कौड़ीराम से निकलीं, पिता की मदद का था सपना

रचना ने बताया कि वह गोरखपुर के ग्रामीण इलाके कौड़ीराम से आती हैं और 12वीं तक की पढ़ाई वहीं से की है. बचपन से ही उनकी रुचि टेक्नोलॉजी में थी. ग्रामीण परिवेश से निकलकर वह कुछ बड़ा करना चाहती थीं और दूसरों के लिए प्रेरणा बनना उनका लक्ष्य था. इसके साथ ही वह अपने पिता की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने और उनकी मदद करना चाहती थीं. रचना ने खुद को परिवार की बड़ी बेटी बताते हुए कहा कि उनके लिए अपने पैरों पर खड़ा होना जरूरी था. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के उन बच्चों का भी जिक्र किया, जिन्हें पढ़ने और आगे बढ़ने की इच्छा तो होती है, लेकिन पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता.

17 साल की उम्र में कंपनी से जुड़ीं रचना

रचना के मुताबिक वह पिछले तीन साल से काम कर रही हैं और 17 साल की उम्र में कंपनी से जुड़ी थीं. उन्होंने टेक बीएसए स्कॉलर के तौर पर कंपनी ज्वाइन की थी. फिलहाल वह एबिट प्रोजेक्ट में मीडिया एडमिनिस्ट्रेटर के तौर पर काम कर रही हैं. इसके साथ ही वह BITS Pilani से BSc की पढ़ाई भी कर रही हैं. रचना ने कहा कि वह आगे कई और काम करना चाहती हैं और उन्हें अपने लक्ष्यों को हासिल करने का भरोसा है. उन्होंने यह भी बताया कि मंच पर आने से पहले उन्होंने काफी कुछ पढ़कर और याद करके तैयारी की थी, लेकिन जब उन्होंने दिल से बात कही तो उन्हें बोलना ज्यादा आसान लगा.

रचना का भाषण बना कार्यक्रम का खास पल

एचसीएल टेक के लखनऊ में 10 साल पूरे होने के कार्यक्रम में चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा समेत बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि थे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल टेक्नोलॉजी का बाजार नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी का निर्माता बन रहा है. हालांकि इस कार्यक्रम में रचना राय का मंच पर घबराना और फिर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात पूरी करना खास तौर पर चर्चा में रहा. शुरुआत में उनके शब्द अटक रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने अनुभव, सपनों और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए अवसर की जरूरत पर खुलकर बात की. मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें सहज होकर बोलने के लिए कहना भी इस पूरे घटनाक्रम का अहम हिस्सा रहा.