UP MLC Election 2026: पूर्वांचल में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह से गरमा गया है. समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों और समर्थकों के बीच कई जगहों पर तनातनी, आरोप-प्रत्यारोप और झड़प की खबरें सामने आ रही हैं. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लेकर वाराणसी और जौनपुर तक चुनाव को लेकर विवाद देखने को मिल रहे हैं. चुनाव प्रचार के दौरान प्रशासन और पुलिस पर भी पक्षपात के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसने चुनावी माहौल को और जटिल बना दिया है. राजनीति के जानकारों का मानना है कि इन घटनाओं का असर सिर्फ इस एमएलसी चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भी इसके परिणाम देखने को मिल सकते हैं.
ADVERTISEMENT
सपा और बीजेपी प्रत्याशी आए साथ
गोरखपुर शिक्षक खंड क्षेत्र से बीजेपी के मौजूदा एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह और सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी की एक साथ तस्वीर सामने आई है, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. देवेन्द्र प्रताप ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक कार्यक्रम में अपमानित किया गया था. जिसके बाद वह भाजपा से दूरी बनाते हुए दिख रहे हैं. बता दें संजयन त्रिपाठी को बीजेपी से टिकट नहीं मिला था, जिसके बाद वह सपा में शामिल हो गए. अब इन दोनों नेताओं के गठजोड़ से चुनाव में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है.
वाराणसी और कौशांबी में बढ़ा विवाद
वाराणसी स्नातक क्षेत्र में मतदान के दिन सपा प्रत्याशी आशुतोष और बीजेपी के केदार सिंह के बीच तनातनी की तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं. इसके अलावा कौशाम्बी में भी माहौल तनावपूर्ण रहा, जहां सपा समर्थकों ने पुलिस पर बीजेपी के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है. इन विवादों के कारण दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी बहस देखने को मिली है, जिससे चुनाव का माहौल और ज्यादा आक्रामक हो गया है.
जौनपुर में प्रशासन पर दबाव के आरोप
जौनपुर में भी सियासी खींचतान जारी है. वहां से समाजवादी पार्टी की विधायक रागनी सोनकर ने चुनाव प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है. हालांकि, उनके विरोधियों ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है. इन सभी घटनाओं और नेताओं के अलग-अलग बयानों पर ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों के मतदाता पैनी नजर बनाए हुए हैं, जो आने वाले नतीजों को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा.
ADVERTISEMENT










