जिप्सी से कूदकर भागा शराबी, पीछे दौड़ती रही गाजियाबाद पुलिस... इन 4 पुलिसवालों पर हुआ एक्शन

गाजियाबाद के निवाड़ी में मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा शराबी पुलिस जिप्सी से कूदकर भाग गया. इस लापरवाही के लिए डीसीपी ग्रामीण ने 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.

यूपी तक

• 11:28 AM • 10 Apr 2026

follow google news

Ghaziabad News: यह मामला 7 अप्रैल 2026 की देर रात का है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. थाना निवाड़ी क्षेत्र के पतला चौकी इलाके में पुलिस गश्त कर रही थी, तभी उन्हें अमित (35 वर्ष) नाम का एक व्यक्ति नशे की हालत में सड़क किनारे मिला. पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए मुरादनगर सीएचसी (CHC) लेकर पहुंची, लेकिन अस्पताल के गेट पर जो हुआ उसने पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़े कर दिए.

यह भी पढ़ें...

आगे-आगे शराबी, पीछे-पीछे पुलिस

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही पुलिस की जिप्सी अस्पताल के पास रुकती है, पीछे की साइड से शराबी अमित अचानक कूदकर भागने लगता है. उसे भागता देख आगे के दरवाजे से पुलिसकर्मी निकलता है और उसके पीछे दौड़ लगा देता है. मंजर कुछ ऐसा था कि शराबी हवा से बातें कर रहा था और खाकी धारी उसे पकड़ने के लिए मशक्कत कर रहे थे.

भागते वक्त हुआ बड़ा हादसा

पुलिस को चकमा देकर भाग रहा अमित अचानक मेन रोड पर आ गया, जहाँ वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया. इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. पीछा कर रही पुलिस ने उसे तुरंत पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है.

लापरवाही पर 'महा-एक्शन'

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सवाल उठे कि पुलिस की मौजूदगी में एक आरोपी जिप्सी से कूदकर भाग कैसे गया? डीसीपी ग्रामीण ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है.

निलंबित पुलिसकर्मियों के नाम:

  • लोकेंद्र (थाना निवाड़ी)
  • शाहिद खान (थाना निवाड़ी)
  • सचिन मोहन (मुख्य आरक्षी, थाना निवाड़ी)
  • नरेंद्र (आरक्षी, थाना निवाड़ी)

गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. एक शराबी की इस करतूत ने निवाड़ी थाने के इन जवानों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है.