सत्यम पंडित ने शौकत अली को मीट की दुकान बंद कराने की दी थी धमकी और फिर फेसबुक पर पोस्ट किया था वीडियो, उसके साथ अब ये हुआ...

Ghaziabad Viral Video: गाजियाबाद के कैला भट्टा इलाके में मंगलवार को मीट की दुकान बंद कराने और आग लगाने की धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी सत्यम पंडित को गिरफ्तार कर लिया.

यूपी तक

• 06:26 PM • 27 Feb 2026

follow google news

Ghaziabad Viral Video: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर एक मुस्लिम दुकानदार को मंगलवार के दिन मीट की दुकान बंद करने की धमकी देता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

घटना गाजियाबाद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के कैला भट्टा इलाके की बताई जा रही है. करीब 1 मिनट 29 सेकंड के वायरल वीडियो में सत्यम पंडित नाम का युवक एक मीट होटल पर पहुंचता है और वहां मौजूद बुजुर्ग दुकानदार से बहस करता नजर आता है. वीडियो में युवक यह कहते हुए दिखाई देता है कि मंगलवार के दिन दुकान नहीं खुलनी चाहिए. वह सामने मंदिर होने का हवाला देता है और दुकान बंद करने का दबाव बनाता है. इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर यह भी कहता है कि अगर दुकान बंद नहीं की गई तो वह एक मिनट में आग लगा देगा.

चौंकाने वाली बात यह रही कि यह वीडियो खुद आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था. पोस्ट में उसने यह भी लिखा कि मंगलवार को गाजियाबाद में किसी भी मुस्लिम को मीट नहीं बेचने दिया जाएगा. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. 

दुकानदार ने क्या कहा?

दुकान संचालक शौकत अली पिछले करीब 20 वर्षों से इलाके में दुकान चला रहे हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार को वे रोज की तरह दुकान पर काम कर रहे थे. तभी कुछ युवक आए और दुकान बंद करने का दबाव बनाने लगे. उन्होंने कहा कि उनसे पूछा गया कि मंगलवार को दुकान खोलने की अनुमति किसने दी. शौकत अली के अनुसार, उन्होंने किसी तरह का विवाद नहीं किया लेकिन उन्हें धमकी दी गई कि काउंटर पलट दिया जाएगा या आग लगा दी जाएगी.  

दुकानदार ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके के अन्य दुकानदारों और कर्मचारियों में डर का माहौल है. उन्होंने कहा कि वे कानून पर भरोसा रखते हैं और चाहते हैं कि मामले में उचित कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई इस तरह माहौल बिगाड़ने की कोशिश न करे. 

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद गाजियाबाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी सत्यम पंडित को हिरासत में ले लिया है. पुलिस के अनुसार, संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. कोतवाली थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो में मीट दुकानों को बंद कराने और धमकी देने की बात सामने आई थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई.

फिलहाल क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें. 

सोशल मीडिया पर बहस

यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग कानून व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और अभिव्यक्ति की जिम्मेदारी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.  

यह भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत याचिका पर हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, गिरफ्तारी नहीं होगी