Barabanki Sub Inspector BK Sharma News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. माती थाना क्षेत्र में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर पर श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारने और लातों से पीटने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए बाराबंकी की एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर संबंधित दरोगा बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है. इसके साथ ही मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की.
ADVERTISEMENT
श्रद्धालुओं से मारपीट का आरोप, VIDEO वायरल
यह मामला बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद होने की बात सामने आई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी को श्रद्धालुओं पर थप्पड़ मारते और लात चलाते हुए देखा जाने का दावा किया जा रहा है. इस मामले में माती थाने पर तैनात सब-इंस्पेक्टर बीके शर्मा का नाम सामने आया है. आरोप है कि उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की. बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहने का आरोप है. हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
बजरंग दल के पदाधिकारी ने जताया विरोध
घटना को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारी अखिलेश राजपूत ने विरोध जताया है. संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने वायरल वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की. इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अन्य पदाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई. कथित मारपीट के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली. संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी. इस मामले में माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी से भी बातचीत की गई. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. संगठन की ओर से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है.
SP रवीना त्यागी ने लिया एक्शन
श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया. एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है. साथ ही, पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल वायरल वीडियो और उसमें लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट की नौबत क्यों आई. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT










