दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट का असर पहुंचा यूपी, लखनऊ-प्रयागराज समेत कई जिलों में अलर्ट जारी

यूपी तक

• 01:04 PM • 10 Oct 2026

Uttar Pradesh Police Alert: जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. यूपी के प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ समेत कई जिलों में पुलिस अलर्ट पर है. इसके साथ ही करीब 1000 पुलिसकर्मियों को दिल्ली भेजा गया है.

Google CTA

Uttar Pradesh Police Alert: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का विरोध प्रदर्शन चल रहा है. इस प्रदर्शन की वजह से पूरी दिल्ली छावनी में तब्दील हो गई है. दिल्ली के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी सुरक्षा बहुत कड़ी कर दी गई है. चिल्ला और गाजीपुर बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात है. मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और कई ट्रेनें रद्द हो गई हैं.

यह भी देखें...

यूपी के कई जिलों में अलर्ट

सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और बरेली सहित कई जिलों में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है. दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की गलत गतिविधि को रोका जा सके. इसके अलावा डीजीपी मुख्यालय की तरफ से सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है. कई जिलों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है.

दिल्ली भेजी गई यूपी की पुलिस

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश से भी पुलिस बल को दिल्ली भेजा गया है. मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, मथुरा और बरेली जैसे कई जिलों से लगभग 1,000 पुलिसकर्मी दिल्ली भेजे गए हैं. खास बात यह है कि इनमें 500 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और यात्रियों के सामान की चेकिंग की जा रही है ताकि कोई भी आपत्तिजनक वस्तु दिल्ली न पहुंच सके.

अखिलेश और चंद्रशेखर ने दिया समर्थन

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पुलिस की इस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की आलोचना की है. उन्होंने कहा है कि जनता को जबरदस्ती नहीं रोका जा सकता है. जंतर मंतर अब जागरण का प्रतीक बन गया है और अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो यह प्रदर्शन पूरे देश में फैल सकता है. नेता चंद्रशेखर आजाद समेत कई अन्य नेताओं ने भी इस आंदोलन का समर्थन किया है. इस मामले में आगे की जानकारी लखनऊ से रिपोर्टर संतोष शर्मा देंगे.