राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी चाचा भतीजे के घर पहुंची पुलिस... कोर्ट में पेशी से पहले हुआ बड़ा एक्शन

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. SIT की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की जा रही है.

यूपी तक

• 03:54 PM • 28 Jun 2026

follow google news

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. SIT की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने अयोध्या के स्वर्ग द्वार मोहल्ले में रहने वाले मुख्य आरोपी टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव के घर पहुंचकर कार्रवाई की है. पुलिस ने मनीष यादव के घर का ताला तोड़कर तलाशी ली है. वहीं, टिन्नू यादव के घर पहुंचकर उसके परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं.

यह भी पढ़ें...

ताला तोड़कर मनीष के घर ली तलाशी

अयोध्या के स्वर्ग द्वार मोहल्ले में अचानक भारी पुलिस बल पहुंचने से हड़कंप मच गया था. पुलिस ने चढ़ावा की गणना करने वाले आरोपी मनीष यादव के घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई थी. मनीष इस कमरे में किराए पर रहता था. पुलिस ने करीब आधे घंटे तक कमरे की बारीकी से तलाशी ली थी. मनीष यादव वही शख्स है जिसे सीसीटीवी में चोरी करते हुए देखे जाने का दावा किया गया था. जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मनीष यादव के पास से कई लाख रुपये नगद बरामद हुए थे.

टिन्नू यादव के घर दर्ज हुए बयान

मनीष यादव के कमरे से कुछ ही दूरी पर उसके चाचा टिन्नू यादव (रामशंकर यादव) का भी घर है. मनीष के कमरे की तलाशी लेने के बाद पुलिस टिन्नू यादव के घर भी पहुंची थी. वहां पुलिस ने काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया था. इसके अलावा पुलिस ने टिन्नू यादव के परिवार वालों के बयान भी दर्ज किए थे. इससे पहले शुक्रवार की सुबह पुलिस टिन्नू यादव को लेकर उसके एक हॉस्टल में भी पहुंची थी, जहां से पुलिस को करीब 20 लाख रुपये नगद मिले थे.

सभी आरोपियों के घर चल रही छापेमारी

पुलिस इस मामले से जुड़े सभी आठों आरोपियों के घर पहुंच रही है. अयोध्या में मौजूद अधिकारियों के नेतृत्व में यह जांच-पड़ताल की जा रही है. पुलिस अपनी तलाशी के दौरान पूरी सावधानी बरत रही है. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और प्रतापगढ़ के रहने वाले अविनाश शुक्ला को छोड़कर पुलिस बाकी सभी आरोपियों (अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडे, रामशंकर मिश्रा) के परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है.

आरोपियों की सोमवार को कोर्ट में पेशी

पुलिस का मुख्य मकसद इस मामले में ज्यादा से ज्यादा साक्ष्य जुटाना है, ताकि उन्हें कोर्ट में पेश किया जा सके. 25 जून को एसआईटी की रिपोर्ट और ट्रस्ट सदस्य की तहरीर पर आठों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था. गुरुवार देर रात सभी की गिरफ्तारी हुई थी. कोर्ट ने उन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. अब इस हाई प्रोफाइल मामले में सोमवार को कोर्ट में फिर से सुनवाई होनी है. पुलिस पूरे साक्ष्यों के साथ कोर्ट में पेश होकर इन आरोपियों की रिमांड मांगने की तैयारी कर रही है.