दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी के साथ बड़ा हादसा, गोरखपुर के दरोगा की हुई मौत

यूपी तक

• 03:44 PM • 17 Feb 2026

Maharajganj Police Accident News: महाराजगंज में पुलिस की स्कॉर्पियो का भीषण एक्सीडेंट! बदमाशों को पकड़कर लौट रही गोरखपुर पुलिस की टीम पेड़ से टकराई. हादसे में दरोगा संतोष कुमार की मौत, 5 घायल. देखिए पूरी खबर.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी का भीषण एक्सीडेंट हो गया. इस दर्दनाक हादसे में गोरखपुर के एक दरोगा की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. आपको बता दें कि गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाने की पुलिस टीम कुशीनगर में दबिश देकर वापस लौट रही थी. महाराजगंज के श्याम देउवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. 

यह भी देखें...

टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. हादसे में दरोगा संतोष कुमार (संतोष पासवान) गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. गाड़ी में महिला दरोगा गीता, एसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, एक चालक और दो अन्य पुलिसकर्मी भी सवार थे.  वर्तमान में दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और पलट गया. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है और अधिकारी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे हैं.