रोते हुए भाई को किया आखिरी बार फोन... झांसी में शादी के चार महीने बाद सपना साहू की मौत, मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप

Jhansi News: झांसी में शादी के महज चार महीने बाद 32 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर एसी और कूलर की दहेज मांगने तथा प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है.

यूपी तक

• 04:37 PM • 29 Jun 2026

follow google news

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद दुखद करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ शहर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में रहने वाली 32 साल की सपना साहू की शादी के महज चार महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. सपना की शादी 20 फरवरी 2026 को अभिषेक साहू के साथ हुई थी, जो आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाता है. सपना के मायके वालों का आरोप है कि दहेज के लिए उसकी बेरहमी से हत्या की गई है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें...

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

सपना के परिजनों का कहना है कि उन्होंने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से सब कुछ दिया था. उन्होंने सपना को करीब डेढ़ किलो चांदी, 50 से 60 ग्राम सोना और एक से डेढ़ लाख रुपये का अन्य सामान दिया था. इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे और वे लगातार एसी तथा कूलर की मांग कर रहे थे. सपना के भाई ने बताया है कि अभी 10 दिन पहले ही उन्होंने 14,000 रुपये का एक कूलर भिजवाया था, जिसका बिल भी उनके पास सुरक्षित मौजूद है. इसके बाद भी सपना को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.

मौत से पहले आया था फोन

सपना के भाई के मुताबिक, मरने से एक दिन पहले रात को सपना का फोन आया था. उसने रोते हुए कहा था कि उसका वहां मन नहीं लग रहा है और उसे ससुराल से वापस ले जाओ. भाई ने उसे मंगलवार को आकर ले जाने की बात कही थी. लेकिन अगली ही सुबह उसके पति अभिषेक साहू का फोन आया कि आपकी बहन कुछ बोल नहीं रही है. जब मायके वाले वहां पहुंचे, तो सपना का शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था. वे तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था.

पुलिस कर रही है पूरी जांच

परिजनों ने बताया है कि ससुराल में किसी की मौत होने के कारण सपना 18 तारीख को ही अपने मायके से वापस ससुराल गई थी. इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं. परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण साफ हो पाएगा, फिलहाल मायके वालों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.