Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में दान पेटिका से चढ़ावा चोरी होने के बाद पुलिस ने अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरे विवाद को लेकर मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच काफी चर्चा चल रही है. इस मामले को लेकर 'यूपी तक' की टीम ने मंदिर पहुंचे भक्तों से बातचीत की है और इस घटना पर उनकी राय जानी है. केरल और कर्नाटक जैसे दूर-दराज के राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने इस चोरी पर गहरी नाराजगी जताई है. हालांकि, सभी भक्तों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बैठाई गई जांच पर पूरा भरोसा है कि दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे.
ADVERTISEMENT
केरल के श्रद्धालु ने जताई नाराजगी
केरल से रामलला के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु ने कहा है कि लोग बहुत मन और श्रद्धा से यहां आते हैं, इसलिए ऐसी गड़बड़ी होना बेहद गलत है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा था कि योगी जी खुद एक सन्यासी हैं, उन्हें पैसे का कोई लालच नहीं है और वे अपनी पार्टी के लोगों को भी नहीं छोड़ेंगे. श्रद्धालु ने केरल के अयप्पा स्वामी मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा था कि वहां भी ऐसा ही मामला हुआ था और सब पकड़े गए थे. इसके साथ ही उन्होंने धूप और गर्मी को देखते हुए अयोध्या में तिरुपति की तरह मुफ्त भोजन की व्यवस्था शुरू करने की मांग भी की है.
कर्नाटक के भक्तों को पूरा भरोसा
कर्नाटक से आए 70 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु लीलाधर ने मंदिर की सुरक्षा और साफ-सफाई की सराहना की है. उन्होंने चोरी के मामले पर कहा है कि प्राइवेट व्यवस्था होने से ऐसी चोरियां होती हैं, इसलिए सरकार को इस पर पूरी सख्ती बरतनी चाहिए. बेंगलुरु से आए नागराज शास्त्री और आदित्य ने भी कहा है कि वे बहुत कठिन प्रयास करके रामलला के दर्शन करने आए हैं. उनका मानना है कि भगवान के लिए सब एक समान हैं और अगर चोरी हुई है, तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
चोरी के मामले पर छिड़ी चर्चा
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के इस मामले में आठ अभियुक्तों के नाम सामने आने के बाद से माहौल काफी गर्म है. मंदिर आने वाले श्रद्धालु इस संवेदनशील मामले पर खुलकर बोलने से थोड़ा डर भी रहे हैं. श्रद्धालुओं का सीधा-सीधा कहना है कि आस्था के इस पावन केंद्र में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. सभी भक्तों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले की सही तरीके से जांच करेगा और सच सबके सामने लेकर आएगा.
ADVERTISEMENT









