CJP Protest: सीजेपी के प्रदर्शन की वजह से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के बाहर इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. इसके कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन कैब बुक करना मुश्किल हो गया है, जिससे देर रात में सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे स्टेशन से घर पहुंचना एक बड़ी चुनौती बन गया है. कई ट्रेनों के रद्द होने और ऑनलाइन सेवाएं ठप होने से भी यात्रा काफी मुश्किल हो गई है.
ADVERTISEMENT
जैमर के कारण कैब बुकिंग ठप
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में कई जगह जैमर से इंटरनेट सुविधा बहुत धीमी हो गई है. इसके चलते मोबाइल पर कैब बुकिंग ऐप काम नहीं कर रहे हैं. ट्रेन से सफर करके दिल्ली आए लोगों को घर जाने के लिए न तो कैब मिल रही है और न ही ऑटो वाले जाने को तैयार हैं. कई यात्री 15 किलोमीटर से ज्यादा दूर जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें कोई वाहन नहीं मिल पा रहा है, जिससे दिल्ली के प्रमुख इलाकों में आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता
इंटरनेट बंद होने के कारण लोगों को बुकिंग करने में दिक्कत हो रही है, जिससे रात के समय घर से दूर महिलाओं और अन्य यात्रियों की सुरक्षा की चिंता भी काफी बढ़ गई है. रेलवे स्टेशन से वाहन न मिलने के कारण लोग रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में रुकने या घंटों तक ऑटो का इंतजार करने को मजबूर हैं. इस माहौल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खतरा लगातार बना हुआ है.
प्रदर्शन को लेकर लोगों की राय
इस विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है. कुछ लोग इंटरनेट बंद करने को सुरक्षा के लिहाज से एक जरूरी कदम मान रहे हैं. वहीं, कई लोग इसकी आलोचना करते हुए इसे विदेशी प्रभाव और राजनीतिक चाल बता रहे हैं. फिलहाल यात्रियों की परेशानियां लगातार जारी हैं और रिपोर्टिंग टीम इस पूरी स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT










