मेरठ का सनसनीखेज 'नीला ड्रम' हत्याकांड अब अपने कानूनी अंजाम के बेहद करीब पहुंच गया है. जिला अदालत ने मामले के आरोपी मुस्कान और साहिल को हत्या का दोषी करार दे दिया है. कोर्ट से दोष सिद्ध होते ही दोनों के व्यवहार में भारी बदलाव देखा गया है. सजा के खौफ में जेल में उनकी पहली रात काफी बेचैनी और तनाव में बीती. जहां एक तरफ दोनों दोषी रात भर रोते-बिलखते रहे, वहीं अदालत आगामी 14 तारीख को इनकी सजा की अवधि का ऐलान करेगी.
ADVERTISEMENT
नाश्ते से इनकार, पूजा-पाठ और जेल में पहली रात का हाल
अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद से ही दोनों आरोपी गंभीर मानसिक चिंता में हैं. जेल में अपनी पहली ही रात दोनों काफी परेशान नजर आए. सुबह उठकर दोनों ने नाश्ता करने से साफ इनकार कर दिया और रोते हुए अपनी-अपनी बैरकों में लौट गए.
जेल में मुस्कान जहां खुद को संभाले रखने के लिए लगातार पूजा-पाठ में व्यस्त रही. वहीं साहिल बेहद गुमसुम और चुपचाप दिखा. साहिल का व्यवहार जेल के बाकी बंदियों से भी कटा-कटा और अलग-थलग दर्ज किया गया है.
बेटी से मिलने की इच्छा, सुरक्षा और काउंसलिंग की तैयारी
जेल में बंद मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी से मिलने की गुहार लगाई है. लेकिन आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी न होने के कारण अब तक परिवार से उसकी मुलाकात संभव नहीं हो सकी है.
दोनों दोषियों की बदलती मानसिक स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी बेहद सतर्क हैं. उनकी दिनचर्या पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है और उनके मनोविज्ञान को समझने की कोशिश की जा रही है. जेल प्रशासन का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो डॉक्टरों की मदद से दोनों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी.
क्या था पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की है, जहां हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए थे. पहचान छिपाने के उद्देश्य से साक्ष्यों को मिटाने के लिए शव के टुकड़ों को एक नीले ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट भरकर उसे बंद कर दिया गया था. पुलिस ने तफ्तीश के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अब 14 तारीख को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां अदालत दोनों को सजा सुनाएगी.
ADVERTISEMENT










