Lucknow Hospital Violence: लखनऊ के एक निजी अस्पताल में घटी हिंसक घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। जहां मरीजों की देखभाल और शांति का माहौल होना चाहिए था, वहां अचानक चीख-पुकार और लाठी-डंडों की आवाजें गूंज उठीं. मामूली पार्किंग विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि अस्पताल परिसर देखते ही देखते रणक्षेत्र में बदल गया. बाउंसर्स और गार्ड्स की कथित दबंगई सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश के वकीलों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
ADVERTISEMENT
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल की है. न्यू हैदरगंज निवासी अधिवक्ता आदर्श सिंह अपने मित्र शुभम यादव की मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे, जिनका इलाज एरा अस्पताल में चल रहा है. आदर्श सिंह के साथ शुभम यादव और उनके एक अन्य साथी प्रदीप यादव भी मौजूद थे. तीनों ने अस्पताल के गेट के पास अपनी स्कॉर्पियो खड़ी कर दी, जिस पर वहां तैनात गार्ड्स ने आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
लाठी-डंडों से किया हमला
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शुरुआती बहस के बाद अस्पताल के अंदर से बड़ी संख्या में गार्ड लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर बाहर आए और अधिवक्ता आदर्श सिंह और उनके साथियों पर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए तीनों भागने लगे, लेकिन गार्ड्स ने उन्हें दौड़ाकर बेरहमी से पीटा. जमीन पर गिर जाने के बाद भी उन पर लगातार वार किए गए. इस हमले में आदर्श सिंह का सिर फट गया, जबकि शुभम यादव और प्रदीप यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वीडियो में एक व्यक्ति यह चिल्लाता सुनाई देता है कि वकीलों को मारोगे? लेकिन इसके बावजूद हमलावर नहीं रुके.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ गार्ड्स को हिरासत में लिया. ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि वाहन पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. पीड़ित अधिवक्ता आदर्श सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है. एक ओर पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है, वहीं दूसरी ओर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश भर के वकीलों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.
यह भी पढ़ें: संभल में सगे भाई आलम ने ली बहन रूपजहां की जान, फिर परिवार करने लगा इज्जत वाली बात
ADVERTISEMENT









