बंद कमरे में किन्नर के साथ व्यापारी के बेटे के शव ने पुलिस को हिलाया, घर की तीसरी मंजिल पर छिपा था खौफनाक राज

Ballia News: बलिया के रानीगंज में नेक के विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया. लापता रेखा किन्नर की हत्या के बाद आरोपी युवक ने भी खुदकुशी कर ली. दो दिनों तक घर की तीसरी मंजिल पर लाशें पड़ी रहीं जिसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुआ. पुलिस ने व्यापारी विजय गुप्ता के पूरे परिवार पर एफआईआर दर्ज की है.

यूपी तक

• 01:43 PM • 20 Feb 2026

follow google news

Ballia News: बलिया में एक घर के अंदर दो शव मिलने की घटना ने पूरे पूर्वांचल को झकझोर दिया है.मृतक एक किन्नर रेखा थी और दूसरा युवक था जिसकी हाल ही में शादी हुई थी. पुलिस जांच के अनुसार, किन्नर रेखा शादी की बधाई लेने घर पहुंची थी लेकिन वापसी नहीं हुई. इस घटना की शुरुआत एक गुमशुदगी से हुई जिसका अंत दो शवों के मिलने के साथ हुआ.

यह भी पढ़ें...

गुमशुदगी और सीसीटीवी का सुराग

रेखा किन्नर पिछले दो दिनों से लापता थीं. उनके साथी किन्नर और परिजन उन्हें तलाश रहे थे. लेकिन जब मोबाइल बंद मिला तो मामला पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो रेखा किन्नर रानीगंज निवासी व्यापारी विजय कुमार गुप्ता के घर में दाखिल होती दिखीं. लेकिन बाहर निकलते हुए उनका कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस जब जांच के लिए विजय गुप्ता के घर पहुंची तो वहां का नजारा भयावह था. घर की तीसरी मंजिल पर एक कमरा बाहर से बंद था. जब पुलिस ने उसे खुलवाया तो अंदर दो लाशें पड़ी थीं. पहली लाश रेखा किन्नर की थी जिसका शव एक पॉलीथिन में लिपटा हुआ था. दूसरी लाश घर के बेटे की थी जिसने खुदकुशी कर ली थी.

पुलिस थ्योरी और किन्नर समाज के अनुसार, रेखा किन्नर पिछले साल हुई शादी की बधाई लेने व्यापारी के घर पहुंची थीं. बताया जा रहा है कि युवक और रेखा के बीच रुपयों को लेकर कहासुनी हुई. इस दौरान रेखा ने किन्नर समाज की परंपरा के अनुसार ताली बजा दी जिसे युवक ने अपमान मान लिया. गुस्से में युवक ने रेखा किन्नर की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को पॉलीथिन में लपेटकर छत के कमरे में छिपा दिया.

पछतावा या डर? युवक ने भी दी जान

हत्या के बाद आरोपी युवक बुरी तरह घबरा गया. दो दिनों तक वह लाश के साथ उसी घर में रहा. बदबू आने और पुलिस के बढ़ते दबाव के डर से या फिर अपराधबोध के चलते आरोपी युवक ने भी खुद को खत्म कर लिया. पुलिस ने इस मामले में विजय गुप्ता, उनकी बहू और छोटे भाई के परिवार सहित कुल 5 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या दो दिनों तक घर में लाश होने की खबर परिवार के बाकी सदस्यों को नहीं थी? क्या किसी ने शव को ठिकाने लगाने में युवक की मदद की थी? क्या यह सब अचानक हुआ या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी?

फिलहाल किन्नर समाज पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट है. लेकिन बलिया का यह 'डबल डेथ केस' कई गहरे राज अपने अंदर दफन किए हुए है जो अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के बाद ही साफ हो पाएंगे.