UP News: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव 2027 की आहट के साथ ही यूपी Tak की टीम वीआईपी गांवों का हाल जानने पहुंच रही है. इसी कड़ी में टीम अमेठी के विकास खंड भेटुआ क्षेत्र के कड़ेर गांव पहुंची, जो भाजपा के प्रदेश महामंत्री और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला (राजा बाबू) का पैतृक गांव है. अधिकतर ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 5 वर्षों में गांव में काफी विकास हुआ है. सड़क, बिजली, नाली और स्वच्छ पेयजल (टोटी का पानी) जैसी मूलभूत सुविधाएं घर-घर तक पहुंची हैं. लोगों ने एमएलसी राजा बाबू और स्थानीय प्रधान के काम की सराहना की. ग्रामीणों के अनुसार, एमएलसी साहब गांव की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और उनका समाधान करते हैं.
ADVERTISEMENT
गांव में इंटरलॉकिंग सड़कें (सीसी रोड) और लाइट की व्यवस्था को लेकर लोग काफी संतुष्ट नजर आए. विकास के दावों के बीच कुछ महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं. एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उन्हें अभी तक राशन कार्ड और बिजली का लाभ नहीं मिल पाया है. महिलाओं के लिए स्वरोजगार और समूह की कमी को भी एक मुद्दे के रूप में उठाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार के बड़े अवसर गांव में अभी भी कम हैं.
गांव के युवाओं ने बताया कि शिक्षा और बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है, लेकिन वे अब गांव में खेल के मैदान और बेहतर रोजगार के अवसरों की उम्मीद कर रहे हैं. पंचायत चुनाव 2027 के लिए मुख्य मुद्दे बचे हुए विकास कार्य और रोजगार रहेंगे. युवा और बुजुर्ग दोनों ही विकास की निरंतरता के पक्ष में वोट करने की बात कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT









