13 साल से कोमा में थे हरीश राणा, SC ने दी इच्छा मृत्यु की इजाजत, अब पड़ोसियों ने सुनाई पिता के संघर्ष की कहानी

Harish Rana Ghaziabad: गाजियाबाद के हरीश राणा को सुप्रीम कोर्ट ने इच्छा मृत्यु की अनुमति दी है. 13 साल से कोमा में पड़े बेटे की सेवा के लिए पिता ने अपना घर तक बेच दिया था. देखिए पड़ोसियों की भावुक प्रतिक्रिया और इस केस की पूरी जानकारी.

यूपी तक

• 04:51 PM • 11 Mar 2026

follow google news

गाजियाबाद के हरीश राणा का मामला हाल ही में चर्चा में रहा है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति प्रदान की है. हरीश पिछले 13 वर्षों से कोमा में थे और उनका परिवार उनके जीवन और गरिमापूर्ण अंत के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ रहा था. हरीश राणा पिछले 13 साल से कोमा में थे. उनके शरीर में कोई हलचल या संवेदना नहीं थी और वे केवल लिक्विड डाइट पर निर्भर थे.

यह भी पढ़ें...

उनके पिता अशोक राणा ने अपने बेटे की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी. पड़ोसियों के अनुसार, अशोक जी ने अपनी पूरी जमा-पूंजी और दिल्ली का एक मकान तक हरीश के इलाज के लिए बेच दिया था. हरीश का छोटा भाई भी सुबह 4:00 बजे उठकर उनके डायपर बदलना, फीडिंग ट्यूब से खाना खिलाना और शरीर की सफाई करने जैसे कार्यों में हाथ बंटाता था.

परिवार ने सुप्रीम कोर्ट से हरीश के लिए इच्छा मृत्यु की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है. फैसला आने के बाद परिवार बेहद भावुक है. हरीश के पिता मीडिया से बात करते समय इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों से आंसू निकल आए और वे कुछ बोल नहीं पाए. पड़ोसियों का कहना है कि यह फैसला दुखद तो है, लेकिन जिस पीड़ा से हरीश और उनका परिवार गुजर रहा था, उसे देखते हुए यह आवश्यक था. 

सोसाइटी के लोगों ने कहा कि अशोक राणा ने एक पिता के रूप में जो मिसाल पेश की है, वह कलयुग में दुर्लभ है. उन्होंने 13 साल तक बिना हिम्मत हारे अपने जवान बेटे की सेवा की. पड़ोसियों ने यह भी चिंता व्यक्त की कि माता-पिता अब बूढ़े हो रहे हैं और उनके बाद हरीश की देखभाल करने वाला कोई नहीं होता, इसलिए यह फैसला एक तरह से हरीश को उसकी तकलीफ से मुक्ति दिलाएगा.