आज क्या है वायरल: BJP विधायक ने फावड़े से उखाड़ी नई सड़क, अखिलेश यादव को मिल गया मौका

BJP MLA Krishna Paswan Video: फतेहपुर में भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने नई बनी सड़क की गुणवत्ता की पोल खोल दी. उन्होंने खुद फावड़ा चलाकर भ्रष्टाचार उजागर किया, जिसे लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है. देखिए पूरी रिपोर्ट.

गौरव कुमार पांडेय

24 Feb 2026 (अपडेटेड: 24 Feb 2026, 12:11 PM)

follow google news

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा की महिला विधायक खुद फावड़े से नई बनी सड़क को उखाड़ती नजर आ रही हैं. इस वीडियो को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी शेयर किया है. वायरल वीडियो के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक फतेहपुर की खागा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान एक कार्यक्रम में जा रही थीं. रास्ते में उन्होंने एमापुर-रतनपुर मार्ग पर नई बन रही सड़क की गुणवत्ता खराब देखी. 

यह भी पढ़ें...

विधायक ने गाड़ी रुकवाकर फावड़ा मंगाया और जब सड़क पर मारा, तो पूरी डामर की परत पपड़ी की तरह उखड़ गई. विधायक का आरोप है कि ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था. अखिलेश यादव ने इस वीडियो को ट्विटर (X) पर शेयर करते हुए लिखा कि भाजपा सरकार की सड़क मतलब "दिल धड़क-धड़क". उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में भ्रष्टाचार की परत मोटी है और उनकी नियत खोटी है.

यह सड़क लगभग 4 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत करीब ₹38 लाख बताई जा रही है. विधायक कृष्णा पासवान ने मौके से ही PWD के एक्सियन (XEN), एसडीओ (SDO) और जेई (JE) को फोन कर जमकर क्लास लगाई और काम तुरंत रुकवा दिया. विधायक ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क को पूरी तरह उखड़वाकर फिर से मानकों के अनुसार बनवाया जाएगा.

विधायक ने कहा कि सड़क बनते ही उखड़ रही थी, जो जनता के पैसे की बर्बादी है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष चाहे जो बोले, लेकिन वे मानक विहीन काम नहीं होने देंगी.