चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय ने खोली पूरी पोल? SIT के सामने बैंक और अनिल मिश्रा को लेकर किए बड़े दावे

यूपी तक

• 12:26 PM • 09 Jul 2026

Ayodhya Ram Mandir Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय ने अपनी चिट्ठी के जरिए बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और अनुबंधों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. उन्होंने SIT के सामने पूर्व ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि कई दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं.

Google CTA

Ayodhya Ram Mandir Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपनी चिट्ठी के जरिए महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस पूरे मामले में बैंक की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. चंपत राय ने कहा कि जांच के दौरान बैंक के सुरक्षा मानकों में कई कमियां सामने आईं. उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी कैमरे, लॉक सिस्टम और अन्य सुरक्षा इंतजामों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया, जिसके कारण चोरी जैसी घटना संभव हो सकी. उन्होंने यह भी दावा किया कि कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर मौजूद नहीं हैं.

यह भी देखें...

चंपत राय ने विशेष जांच टीम (SIT) के सामने ट्रस्ट के पूर्व सदस्य अनिल मिश्रा को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने 6 फरवरी 2025 के दिशा-निर्देश पत्र पर अपने हस्ताक्षर नहीं होने को साजिश बताया और कहा कि बैंक के साथ हुए करार में कई गड़बड़ियां थीं. उन्होंने बताया कि अगस्त 2020 से जून 2026 तक हुए अन्य अनुबंधों पर उनके हस्ताक्षर हैं, लेकिन 6 फरवरी 2025 के पत्र पर हस्ताक्षर नहीं हैं. चंपत राय ने कहा कि बैंक कर्मचारियों ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया और खासतौर पर चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में भी कई कमजोरियां रहीं.

इसके अलावा चंपत राय ने SIT रिपोर्ट के सार्वजनिक होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि जांच रिपोर्ट गोपनीय रखी जानी चाहिए थी. उन्होंने राम भक्तों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. वहीं, मामले की जांच का दायरा बढ़ गया है और पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर अनिल मिश्रा के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल चढ़ावा चोरी मामले में बैंक की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और जिम्मेदारी तय करने को लेकर जांच जारी है.